अल्मोड़ा के सोमेश्वर क्षेत्र के विकास कार्यों का निरीक्षण करती डीएम वंदना सिंह। संवाद
- फोटो : ALMORA
सोमेश्वर (अल्मोड़ा)। डीएम वंदना ने सोमेश्वर क्षेत्र का भ्रमण कर विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने गुणकांडे पंपिंग योजना का निरीक्षण कर उसके संरक्षण और रख-रखाव के लिये कार्य योजना तैयार करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने ग्राम पंचायत विकास अधिकारी (वीपीडीओ) स्यूनराकोट के गांव का रजिस्टर और अभिलेख साथ नहीं लाने पर बीडीओ को स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए।
डीएम ने कनालबूंगा और वाल्सा गांवों में बन रहे अमृत सरोवरों का निरीक्षण कर कहा कि यह केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है। इस कार्य को प्राथमिकता के साथ समय से पूर्ण किया जाए। उन्होंने बीडीओ को निर्देश दिये कि अमृत सरोवरों के देयकों का भुगतान प्राथमिकता के साथ कर ग्राम पंचायतों में खुली बैठकों का रोस्टर तत्काल जारी किया जाए। उन्होंने भनरगांव पेयजल पम्पिंग योजना में अभी तक किये गये कार्यों की जानकारी प्राप्त की।
ग्राम प्रधान भनरगांव और क्षेत्रीय जनता ने डीएम से इस पम्पिंग योजना से कनालबूंगा, इटौला, गुडकांडे, नाकोट, वल्सा, महत गांव, जाख आदि गांवों को भी लाभ देने की मांग की। उन्होंने ग्राम गागिल-बेह में कृषि उद्यमी सुनील सिंह बिष्ट की ओर से किए जा रहे इंटीग्रेटेड फार्मिंग कार्यों की सराहना की। आंगनबाड़ी केंद्र में लोगों की समस्याओं को भी सुना। कसून गांव के ग्रामीणों ने डीएम का फूल-मालाओं से स्वागत किया।
पाटिया गांव की पुरानी शैली में बनाए गए होम-स्टे का भी निरीक्षण कर उसकी प्रशंसा की। वहां पर जिला पंचायत सदस्य महेश नयाल, पूर्व ब्लॉक प्रमुख रमेश भाकुनी, क्षेत्र पंचायत सदस्य आनंद डंगवाल, तहसीलदार सोमेश्वर खुशबू आर्या आदि थीं।