कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर के बीच प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग एक बार फिर सतर्क हो गया है। अब जिले की सीमा के चारों प्रवेश द्वारों पर पहले की तरह ही स्क्रीनिंग से लेकर जांच की व्यवस्था शुरू होगी। डीएम नितिन सिंह भदौरिया ने सोमवार को कलक्ट्रेट में स्वास्थ्य विभाग और अन्य अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक निर्देश दिए। तमाम स्थानों में कोविड केयर सेंटर को फिर से संचालित करने, कुंभ ड्यूटी से लौटे कार्मिकों की अनिवार्य आरटीपीसीआर कोरोना जांच करने समेत अन्य महत्वपूर्ण निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि कोरोना पॉजिटिव आए मरीजों की संपर्क इतिहास का पता लगाने की व्यवस्था भी सुचारु की जाए। होम आइसोलेशन वाले मरीजों की नियमित मॉनिटरिंग हो और उन्हें दवाइयों की किट उपलब्ध कराई जाएगी। जनपद में प्रतिदिन कम से कम एक हजार लोगों की कोरोना जांच होगी। यही नहीं कुंभ ड्यूटी से लौटे कार्मिकों की भी आरटीपीसीआर जांच कराई जाएगी। वहीं लक्षण वाले कोरोना मरीजों को किसी भी हाल में होम आइसोलेशन की इजाजत नहीं होगी।
डीएम भदौरिया ने कोविड टीककारण को तेजी से संचालित करते हुए भारत सरकार के निर्देशों के अनुसार 45 साल से अधिक उम्र के सभी व्यक्तियों को टीका लगवाने, जरूरत पड़ने पर अधिक से अधिक टीकाकरण केंद्र खोलने और 45 साल से अधिक उम्र के बचे हुए अन्य लोगों को चिह्नित कर टीका लगवाने के भी निर्देश दिए। बैठक में एसएसपी पंकज भट्ट, सीडीओ नवनीत पांडे, सीएमओ डॉ. सविता ह्यांकी, एसीएमओ डॉ. योगेश पुरोहित, बेस अस्पताल के पीएमएस डॉ. एचसी गड़कोटी, आपदा प्रबंधन अधिकारी राकेश जोशी, ग्रामीण निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता नितिन पांडे, क्षेत्रीय सेवायोजन अधिकारी वाईएस रावत, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी मनोहर लाल आदि थे।
जिला अस्पताल का आईसीयू दो दिनों में संचालित करने के निर्देश
अल्मोड़ा। डीएम ने ग्रामीण निर्माण विभाग के अधिकारियों को जिला अस्पताल में स्थित आईसीयू को दो दिनों के भीतर संचालित करने के निर्देश दिए। कहा कि कोविड के दौरान स्वास्थ्य सेवाएं चाक-चौबंद रखने के लिए सभी व्यवस्थाएं की जानी चाहिए। वहीं रानीखेत में भी आईसीयू को जल्द से जल्द स्वास्थ्य विभाग को हस्तांतरित करने के निर्देश दिए गए। (संवाद)
इन स्थानों में फिर से होंगे कोविड केयर सेंटर संचालित
अल्मोड़ा। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) अल्मोड़ा, ईटीसी हवालबाग, पीटीसी पातालदेवी, द्वाराहाट में दुधोली टीआरएच, सल्ट में टीआरएच मोहान, भिकियासैंण में रिवर राफ्टिंग सेंटर, रानीखेत में टीआरएच चिलियानौला, जागेश्वर और जलना टीआरएच में कोविड केयर सेंटर को तत्काल शुरू किया जाएगा। (संवाद)