अल्मोड़ा। डीएम अंशुल सिंह ने शनिवार को खत्याड़ी क्षेत्र में जल निकासी की स्थिति का निरीक्षण किया। उन्होंने नालों में हो रहे अतिक्रमण पर कड़ी नाराजगी जताई और इसे तत्काल हटाने के निर्देश दिए।
डीएम ने नालों में कूड़ा-करकट डालने पर प्रभावी रोक लगाने के लिए सख्त निगरानी और जनजागरूकता अभियान चलाने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जल निकासी तंत्र को बाधित करने वाले तत्वों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
संबंधित अधिकारियों को बरसात के दौरान जलभराव की समस्या रोकने के लिए समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने यह भी बताया कि नालों के लिए शीघ्र ही प्राकृतिक आधारित वाटर ट्रीटमेंट योजना प्रस्तावित की जाएगी। इससे जल के साथ बहने वाली गंदगी को नदी में जाने से रोका जा सकेगा और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा। इस दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी और स्थानीय प्रतिनिधि भी मौजूद थे।