मुख्यमंत्री हरीश रावत को रानीखेत जिले की याद दिलाने के लिए यहां सुभाष चौक पर स्मृति धरना-7 दिया गया। बड़ी संख्या में लोगों ने वहां पहुंचकर स्मृति धरने को समर्थन जताया, तय हुआ कि इस बीच जुलूस प्रदर्शन भी किए जाएंगे। भाजपा नेता नरेंद्र रौतेला, कांग्रेस के पूर्व प्रदेश प्रवक्ता दिनेश तिवारी ने भी मौके पर आकर धरने का समर्थन जताया।
अभियान रानीखेत जिला की ओर से यहां सुभाष चौक पर स्मृति धरना कार्यक्रम में नगर के कई लोग पहुंचे। भाजपा नेता नरेंद्र रौतेला और कांग्रेस के पूर्व प्रवक्ता दिनेश तिवारी ने कहा कि जिले के लिए आजादी के बाद से ही संघर्ष चल रहे हैं, लेकिन सरकारों ने नहीं सुनी। मुख्यमंत्री हरीश रावत को शीघ्र रानीखेत जिला बनाकर लोगों की अपेक्षाओं पर खरा उतरना चाहिए। अध्यक्षता संयोजक मोहन नेगी, संचालन पत्रकार विमल सती ने किया।
जिले के लिए आंदोलनकारियों ने इस दौरान जम कर नारे भी लगाए। तय हुआ कि आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को भी धरने से जोड़ने के प्रयास किए जाएंगे। इसके लिए शीघ्र ही अभियान चलाया जाएगा। ताड़ीखेत, चिलियानौला सहित तमाम कस्बों में नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से लोगों को आंदोलन से जोड़ा जाएगा। वहां गोपाल नाथ गोस्वामी, अधिवक्ता संजय जोशी, सभासद संजय पंत, नारायण सिंह बिष्ट, बीएस नेगी, बंशीधर मठपाल, कामरान कुरैशी, एसएस राणा, रोजी अली खान, राजेंद्र प्रसाद जोशी, मदन सिंह बिष्ट, अब्दुल सलाम, मनोज अग्रवाल, कमल सिंह नेगी आदि मौजूद थे।