सोमेश्वर (अल्मोड़ा )। जिला पंचायत अध्यक्ष पार्वती मेहरा ने अधिकारियों के साथ बृहस्पतिवार को सोमेश्वर में जिला पंचायत की भूमि का निरीक्षण किया। भूमि की नापजोख की गई। राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ विभाग ने भूमि में अतिक्रमण करने वालों को चिन्हित किया। अतिक्रमण करने वालों को विभाग नोटिस जारी करेगा। यदि इसके बाद भी भूमि से अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो प्रशासन के माध्यम से अतिक्रमण हटाया जाएगा।
राजस्व विभाग और जिला पंचायत के अधिकारी सोमेश्वर पहुंचे। उन्होंने सोमेश्वर बाजार के बाइपास के समीप से थाने के नजदीक तक जिला पंचायत की भूमि का चिन्हिकरण किया। दल ने पाया कि सोमेश्वर बाजार से बाईपास सड़क तक कई स्थानों पर अतिक्रमण हुआ है। थाने के पास की जिला पंचायत की भूमि की भी नापजोख की गई।
जिला पंचायत अध्यक्ष पार्वती मेहरा ने कहा कि जिन लोगों ने भूमि में अतिक्रमण किया है वह उसे जल्ट हटा लें। अतिक्रमण करने वालों को नोटिस जारी किए जाएंगे। इसके बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाया तो प्रशासन के माध्यम से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा है कि जिला पंचायत की भूमि की घेरबाड़ कर इस स्थान पर व्यावसायिक गतिविधियां संचालित की जाएंगी। जिससे जिला पंचायत को भी आय होगी। इस अवसर पर पूर्व अध्यक्ष मोहन सिंह मेहरा, एएमए आशा आर बिष्ट, तहसीलदार गौरीदत्त तिवारी, पटवारी रविमोहन बिष्ट, जिला पंचायत के एई जगदीश प्रसाद, जेई गोविंद सिंह मेहरा, जिला पंचायत सदस्य बालम भाकुनी, कृष्ण सिंह बिष्ट, क्षेत्र पंचायत सदस्य सुनीता देवी आदि मौजूद थे।