रानीखेत (अल्मोड़ा)। पीजी कालेज में शौर्य दीवार (महान विभूतियों के चित्र) का अनावरण करते हुए उच्च शिक्षा मंत्री डा. धन सिंह रावत ने छात्र-छात्राओं से शहीदों से प्रेरणा लेकर राष्ट्रवाद की परिकल्पना को साकार करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक महाविद्यालयों में योग, संस्कृत और वेद की कक्षाएं संचालित की जाएंगी, सरकार टॉपर बच्चों को लैपटॉप देगी, जबकि अध्ययनरत छात्र-छात्राओं का बीमा कराया जा रहा है। समाधान पोर्टल के माध्यम से समस्याएं सुनी जाएंगी। प्रोफेसरों के 877 पदों पर शीघ्र नियुक्तियां होंगी। उन्होंने महाविद्यालय में एनसीसी सीटें बढ़ाने और एमए संस्कृत और भूगोल विषय संचालित करने की घोषणा भी की।
मंत्री डा. धन सिंह रावत ने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही शिक्षा व्यवस्था में सुधार आएगा। उच्च शिक्षा की गुणवत्ता पर सरकार विशेष ध्यान दे रही है। गरीब बच्चों को निशुल्क पीएचडी कराने की योजना है। महाविद्यालयों में पुस्तकालय खोले जा रहे हैं। महाविद्यालयों में अध्ययनरत तीन लाख छात्र-छात्राओं का सरकार मुफ्त में बीमा कराएगी। जीरो बैलेंस से खाते खोले जाएंगे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने भी सरकार के कार्यों की सराहना की। कहा कि वीर योद्धाओं से प्रेरणा लेने की जरूरत है, इसी उद्देश्य से शौर्य दीवार बनाई गई है।
अध्यक्षता करते हुए विधायक करन माहरा ने महाविद्यालयों में बाहरी तत्वों पर रोक लगाने, छात्रा हास्टल और एससी-एसटी हॉस्टल के लिए धन आवंटित करने, उपनल कर्मियों के वेतन में बढ़ोतरी करने, खेल मैदान का विस्तार करने, स्ववित्त पोषित बीएड कालेजों को राज्यपोषित करने, महाविद्यालयों में स्वरोजगारपरक विषय संचालित करने की मांग उठाई। छात्र संघ अध्यक्ष हेमंत अधिकारी ने भी कालेज की समस्याएं उठाईं। प्राचार्य डा. चंद्र राम ने सभी का आभार जताया। इस दौरान छावनी उपाध्यक्ष मोहन नेगी सहित तमाम छात्र-छात्राएं और शिक्षक मौजूद थे।
रानीखेत। शौर्य दीवार के अनावरण कार्यक्रम में शहीदों की बात कम, नेताओं ने जमकर राजनीतिक रोटियां सेंकी। कार्यक्रम में उस वक्त अजीब स्थिति पैदा हो गई जब सीट नहीं मिलने पर विधायक करन माहरा प्राचार्य कक्ष से नाराज होकर बाहर आ गए। जैसे-तैसे मामला शांत हुआ। बाद में एनसीसी की सीटें बढ़ाने की मांग को लेकर कैडेटों ने नारेबाजी शुरू कर दी। कार्यक्रम में स्वतंत्रता सेनानी जय दत्त वैला का नाम तक नहीं लिया गया।
एक अक्तूबर से होगा स्वैच्छिक रक्तदान
रानीखेत। मंत्री डा. रावत ने कहा कि एक अक्तूबर से 10 अक्तूबर तक सभी कालेजों में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर लगाए जाएंगे। महाविद्यालयों में वीर चंद्र सिंह गढ़वाली की फोटो लगाई जाएंगी। विवि परिषद कार्यकारिणी में छात्र संघ अध्यक्ष को सदस्य नामित किया जाएगा। कालेजों में वाई फाई फ्री की जाएगी।
रानीखेत (अल्मोड़ा)। एबीवीपी के प्रतिभा सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि उच्च शिक्षा मंत्री डा. धन सिंह रावत ने छात्र-छात्राओं से अनुशासन और लगन के बल पर भविष्य निर्माण का आह्वान किया। कहा कि आयोजन से छात्र-छात्राओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने कालेज, इंटर कालेजों और तकनीकी शिक्षा के प्रतिभाशाली बच्चों को सम्मानित किया। एबीवीपी से जुड़े छात्र नेताओं ने कालेज की समस्याओं के निराकरण को लेकर मंत्री को ज्ञापन भी सौंपा।
पीजी कालेज में आयोजित सम्मान समारोह में मंत्री डा. धन सिंह रावत ने कहा कि एबीवीपी स्थापना काल से ही छात्र और राष्ट्र हित के लिए संघर्ष करता आया है। विशिष्ट अतिथि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने एबीवीपी को समाज का दर्पण बताया। प्रांत प्रमुख चंद्र प्रकाश ने परिषद द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डा. प्रवीण बिष्ट और प्रदेश मंत्री लोकेश कालाकोटी ने कहा कि एबीवीपी द्वारा किए जा रहे रचनात्मक कार्यों से लोगों को प्ररेणा मिलेगी।
छावनी उपाध्यक्ष मोहन नेगी कालेज के अनुभव साझा किए। संयोजक पावस जोशी ने सभी का आभार जताया। संचालन उपसचिव नीलेश जोश और मनीष भैसोड़ा ने किया। एबीवीपी से जुड़े छात्र नेता कैलाश बिष्ट ने छात्रावास, एमए में संस्कृत, संगीत विषय खोलने सहित तमाम मांगों को लेकर ज्ञापन भी सौंपा। कार्यक्रम में विरेंद्र बिष्ट, अशोक कनवाल, अक्षय पांडे, हिमांशु पांडेय, हार्दिक जोशी, सतीश जोशी, मयंक तिवारी, मोहित चंद्रा, गौरव पांडे, नवनीत पांडे सहित तमाम लोग मौजूद थे।