बागेश्वर। ढालन-खुनौली मोटर मार्ग पर वर्षों के लंबे इंतजार के बाद हो रहा डामरीकरण अब कार्यदायी संस्था की लापरवाही और धांधली की भेंट चढ़ता नजर आ रहा है। पीएमजीएसवाई की ओर से सड़क पर मरम्मत कार्य के बाद किया जा रहा डामरीकरण गुणवत्ताविहीन है जिसके चलते यह जगह-जगह से अभी से उखड़ने लगा है। सड़क पर डामर उखड़ने से दोपहिया वाहनों के रपटने और हादसों का गंभीर खतरा पैदा हो गया है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि एक तरफ जिला प्रशासन हर कार्य में गुणवत्ता बनाए रखने के दावे करता है, वहीं दूसरी तरफ डामरीकरण के तुरंत बाद सड़क के किनारों को मिट्टी से ढका जा रहा है ताकि जांच के लिए पहुंचने वाली टीम डामरीकरण की परत और सतह की सही मोटाई की जांच न कर सके।
कोट
ढालन-खुनौली मोटर मार्ग के डामरीकरण और निर्माण कार्य में गुणवत्ता की अनदेखी की शिकायतें मिली हैं। सड़क निर्माण में किसी भी तरह की लापरवाही या भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और यदि कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
- सुरेश गढि़या, विधायक, कपकोट
कोट
सड़क निर्माण में किए गए डामरीकरण की गुणवत्ता की जांच की जाएगी। कार्य गुणवत्ता पूर्ण न होने पर कार्रवाई की जाएगी।
- नरेश पाठक, एई पीएमजीएसवाई, बागेश्वर