धौलछीना (अल्मोड़ा)। भैंसियाछाना में स्पोर्ट्स क्लब बाड़ेछीना के बैनर तले ब्लॉक स्तरीय चैंपियंस ट्राफी क्रिकेट टूर्नामेंट का आगाज हुआ। उद्घाटन मुकाबले में देवड़ा की टीम ने लिंगुणता को हराया। भैंसियाछाना में पहली बार आयोजित ब्लॉक स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता का बतौर मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि दीपक पांडे ने शुभारंभ किया। उन्होंने सभी खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करते हुए खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने की अपील की।
उद्घाटन मुकाबले में क्षेत्र पंचायत देवड़ा की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 15 ओवर में 140 रन का स्कोर खड़ा किया। जवाब में लिंगुणता की टीम 80 रनों पर ही ऑल आउट हो गई। अंपायर की भूमिका प्रमोद भट्ट और चंदन सुपियाल ने निभाई।
स्कोरर जगदीश सुयाल थे। संचालन खिलानंद भट्ट ने किया। स्पोर्ट्स क्लब के अध्यक्ष कमल किशोर भट्ट ने बताया कि टूर्नामेंट में विकासखंड के अलावा अन्य क्षेत्रों की टीमें हिस्सा नहीं ले पाएंगी। इस दौरान कनिष्ठ प्रमुख ललित कुमार, दीपक चंद्र जोशी, प्रेम कुमार, पूर्व जिला पंचायत सदस्य हरीश देवड़ी, देवेंद्र देवड़ी, गोविंद बिष्ट आदि मौजूद रहे।