सोमेश्वर घाटी में अतिवृष्टि के बाद घरों में घुसा मलबा।
- फोटो : ALMORA
सोमेश्वर (अल्मोड़ा)। मंगलवार की देर शाम हुई अतिवृष्टि से सोमेश्वर तहसील क्षेत्र में भारी तबाही हुई है। नदी उफनाने से एक नेपाली मजदूर बह गया और धौलरा टोटा सिलंग में कई मवेशियों के मारे जाने की सूचना है। क्षेत्रवासियों के अनुसार यह बादल फटने की घटना है लेकिन प्रशासन ने इसे अतिवृष्टि बताया है। पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीम नेपाली मजदूर की ढूंढ खोज में लगी हुई है। अल्मोड़ा जिला मुख्यालय से आपदा प्रबंधन की टीम भी मौके पर पहुंच गई है।
टोटा सिलंग में पूर्व प्रधान दीप कुमार पुत्र मदन राम की गौशाला में मलबा भरने से जर्सी गाय की मौत हो गई। उनकी दो बछिया लापता हो गईं। वहीं प्रेम राम पुत्र गोसाई राम, मदन राम पुत्र गोसाई राम, बंशीधर जोशी के घरों में भारी मात्रा में मलबा भरने से खतरा परिवार के लोगों के लिए खतरा पैदा हो गया है। सोमेश्वर में एक नेपाली मजदूर वीर बहादुर निवासी सुरखेत नेपाल के नदी में लापता होने की सूचना है। एसओ रमेश बोहरा ने बताया कि उनकी पूरी टीम नदी में मजदूर की छानबीन में जुटी हुई है। भारी ओलावृष्टि और बारिश के कारण फसलों को भी काफी नुकसान पहुंचा है। अतिवृष्टि से सोमेश्वर क्षेत्र के लोग सहमे हुए हैं।
अल्मोड़ा की एसडीएम सीमा विश्वकर्मा ने बताया कि अतिवृष्टि से नुकसान की सूचना पर आपदा प्रबंधन की टीम मौके पर पहुंच गई है। राजस्व पुलिस को भी सूचना दे दी गई है। जानकारी जुटाई जा रही है, बुधवार तक स्थिति साफ हो जाएगी। इलाके के कई घरों में मलबा भर चुका है। एसओ रमेश बोहरा ने बताया कि आपदा से निपटने के पूरे प्रयास किए जा रहे हैं। लोगों को हर संभव मदद पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।