फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Almora News: सूने घर हुए आबाद, देहरी पर दीये जलाने लौटे भिटारकोट के छह परिवार

Wed, 30 Oct 2024 12:17 AM IST
हल्द्वानी ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अल्मोड़ा
विज्ञापन
भिटारकोट गांव में रिवर्स पलायन के कारण लौटे लोग। संवाद
विज्ञापन

विज्ञापन
अल्मोड़ा। पलायन की मार झेल रहे उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में हजारों घर सूने पड़े हैं कई मकान देखरेख के अभाव में जर्जर हाल हैं लेकिन कुछ जगह अब आशा की किरण भी जगने लगी है। इस दिवाली यहां ज्यादा रौनक रहेगी।

रानीखेत तहसील की भिटारकोट गांव में बीते कुछ समय से सात परिवार ऐसे हैं जिनके मुखिया अलग-अलग विभागों में कार्यरत थे लेकिन अपनी सेवाएं पूरी होने के बाद अपने जर्जर हो चुके घरों में लौट आए हैं। भिटारकोट की बीच की बाखली में इस साल दिवाली की रौनक पिछले वर्षो की अपेक्षा अधिक दिखाई देगी।
विज्ञापन


भिटारकोट करीब 20-25 साल पहले फलता फूलता सुख , समृद्ध और हंसत, खेलता गांव था लेकिन कम होते संसाधन, रोजगार की कमी और बच्चों के भविष्य की चिंता से यहां ऐसा पलायन हुआ कि कभी 300 परिवार वाला ये गांव आधे से अधिक खाली हो गया है। वे मकान जहां हर रोज खुशियां नाचती थीं, धीरे-धीरे खंडहर में तब्दील हो गए।
भिटारकोट में बीच की बाखली में 20 साल पहले 60-70 लोग रहा करते थे लेकिन अब यहां चार परिवार ही बचे हैं। ये चार परिवार भी ऐसे हैं जो कुछ समय पूर्व रिवर्स पलायन कर लौटे हैं। जल निगम नैनीताल में करीब 34 साल नौकरी करके लौटे कुंदन सिंह स्यूनरी का परिवार नैनीताल में रहता था। उनके पास विकल्प था कि वह वहीं बस सकते थे लेकिन सेवानिवृत्ति के बाद उन्होंने अपने गांव के खंडहर होते मकान को ही गुलजार करने का मन मनाया। कुंदन सिंह इसी साल मार्च में सेवानिवृत्त हुए और मई में घर लौट आए। कुंदन सिंह ने बताया कि पत्नी के अलावा उनके 93 वर्ष के पिता भी उनके साथ रहते हैं।

बच्चे नौकरी के लिए बाहर चले गए हैं। उनका कहना है कि पलायन कर चले तो गए थे लेकिन अब गांव में ही बस गए हैं। वन विभाग से सेवानिवृत्त दीवान सिंह नेगी भी अपनी पुरानी बाखली में लौट आए हैं जहां उनका बचपन बीता था। इस तरह कुल सात परिवार लौटे हैं। इससे उम्मीद जगी है कि रिवर्स पलायन की यह रौनक भूतिया होते हुए गांव को फिर रोशन करेगी। भिटारकोट में उनके आने से उल्लास है। उन्हें उम्मीद है कि कुछ और लोग भी यहां लौट आएंगे।
ग्रामीण पुष्कर सिंह नेगी, भगवत सिंह, राजेंद्र सिंह आदि लोग सरकार से मांग कर रहे हैं कि गांव में जन सुविधाएं बढ़ाएं ताकि फिर से ये खंडहर होते गांव आबाद हो सकें। संवाद



कई और गांवों में लौट रही रौनक, प्रशासन के पास आंकड़ा नहीं

ऐसा नहीं है कि रिवर्स पलायन केवल भिटारकोट में ही दिख रहा है। सूत्रों की मानें तो जागेश्वर, दन्यां और सोमेश्वर क्षेत्र में भी कई गांवों में रिवर्स पलायन हुआ है लेकिन प्रशासन के पास इनका कोई आंकड़ा नहीं है।
विज्ञापन




जिला विकास अधिकारी संतोष पंत बताते हैं कि रिवर्स पलायन का अभी कोई आधिकारिक आंकड़ा प्रशासन के पास उपलब्ध नही है। जल्द ही इसका अधिकृत आंकड़ा भी संकलित कराया जाएगा।


विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें