अल्मोड़ा। श्रम विभाग ने श्रमिकों से विभाग में पंजीयन के लिए किसी भी बाहरी व्यक्ति का सहयोग न लेने की अपील की है। विभाग के संज्ञान में आया है कि श्रम कार्ड बनवाने के नाम पर श्रमिकों से निर्धारित प्रक्रिया से हटकर अतिरिक्त धन वसूला जा रहा है। कुछ स्थानों पर लाभार्थियों से पांच सौ रुपये तक लेने की खबरें सामने आई हैं। इस संबंध में श्रम विभाग ने स्पष्ट किया है कि विभाग के किसी भी अधिकारी या कर्मचारी श्रम कार्ड बनाने के लिए कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लेते हैं।
विभाग ने जानकारी दी कि श्रमिक के पंजीयन की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और ऑनलाइन है। पंजीयन के दौरान श्रमिक के मोबाइल नंबर पर ओटीपी आने के बाद ही सौ रुपये का शुल्क ऑनलाइन जमा किया जाता है। इसके अतिरिक्त किसी भी प्रकार का शुल्क देय नहीं है। श्रम प्रवर्तन अधिकारी राजेंद्र सिह बिष्ट ने सभी श्रमिकों से अपील की है कि विभिन्न योजनाओं के तहत मिलने वाले लाभ की राशि सीधे देहरादून से डीबीटी के माध्यम से श्रमिक के खाते में भेजी जाती है, जिसमें किसी बाहरी व्यक्ति की भूमिका नहीं होती। सभी श्रमिकों अपना पंजीयन स्वयं कार्यालय में आकर कराएं और किसी बाहरी व्यक्ति के माध्यम से प्रक्रिया पूरी न करें। यदि कोई व्यक्ति अवैध धन की मांग करता है तो उसकी शिकायत तत्काल विभाग को दें। विभाग ने चेतावनी दी है कि बाहरी व्यक्ति को धन देने की स्थिति में विभाग की कोई जिम्मेदारी नहीं होगी।