अल्मोड़ा। मेडिकल कॉलेज अल्मोड़ा के अधीन संचालित बेस अस्पताल में दंत रोगियों को अब आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिल रहा है। अस्पताल के डेंटल विभाग में अत्याधुनिक सीबीसीटी मशीन की सहायता से दांतों और मुख संबंधी रोगों की सटीक जांच व उपचार किया जा रहा है। इस सुविधा के शुरू होने से अल्मोड़ा सहित आसपास के जिलों के मरीजों को बड़ी राहत मिली है।
सीबीसीटी मशीन दांतों की जटिल समस्याओं की विस्तृत जांच करने में सक्षम है। इस मशीन की खासियत यह है कि यह केवल दांतों की जांच ही नहीं बल्कि मुंह, जबड़े और सिर तक के विभिन्न हिस्सों में होने वाली गांठों और ट्यूमर की भी पहचान करने में मदद करती है।
इससे रोग का सटीक निदान संभव हो पाता है और उपचार की गुणवत्ता में सुधार आता है। पहले इस प्रकार की जांच सुविधा केवल बड़े शहरों के अस्पतालों में उपलब्ध थी। इसके कारण मरीजों को बाहर शहरों में जाना पड़ता था या फिर निजी अस्पतालों का सहारा लेना पड़ता था जिससे उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ता था।
अब यह सुविधा अल्मोड़ा में उपलब्ध होने से मरीजों का समय और पैसा दोनों बच रहे हैं। अस्पताल में रोजाना करीब 50 दांत के मरीज इलाज कराने पहुंच रहे हैं। इनमें अल्मोड़ा के अलावा पिथौरागढ़, बागेश्वर और चंपावत जिलों के मरीज भी शामिल हैं।
मेडिकल कॉलेज के सीनियर एसोसिएट प्रोफेसर व डेंटल डॉ. अनिल पांडे ने बताया कि अस्पताल में जल्द ही लेजर तकनीक से डेंटल इंप्लांट की सुविधा भी शुरू होने वाली है। यह तकनीक आधुनिक, सुरक्षित और कम दर्द वाली मानी जाती है। नई सुविधाओं के शुरू होने से लोगों को बेहतर चिकित्सा सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगी।