रानीखेत (अल्मोड़ा)। उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग के मिनिस्टीरियल स्टाफ एसोसिएशन ने निदेशालय स्तर पर उपेक्षा का आरोप लगाते हुए आंदोलन का एलान किया है।
प्रांतीय अध्यक्ष चंद्र मोहन पंत और प्रांतीय महामंत्री राहुल भट्ट ने कहा कि संवर्ग की तीन सूत्री मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया जिससे कर्मचारियों में रोष है। बताया कि 25 से एक सितंबर तक सभी कर्मचारी काली पट्टी बांधकर विरोध दर्ज करेंगे। इसके बाद दो से नौ सितंबर तक प्रतिदिन सुबह 10 बजे से 11 बजे तक कार्य बहिष्कार होगा।
10 से 16 सितंबर तक कर्मचारी दोपहर एक बजे तक धरना-प्रदर्शन करेंगे और यदि इस दौरान भी मांगें पूरी नहीं हुईं तो 17 सितंबर से कार्य बहिष्कार किया जाएगा। उन्होंने जिला स्तर पर सभी पदाधिकारियों से आंदोलन को सफल बनाने की अपील की है।