जिलाधिकारी सविन बंसल के तबादले से विभिन्न संगठन और लोग भड़क गए हैं। विभिन्न संगठनों के लोगों ने नगर में जुलूस निकालकर डीएम के तबादले का विरोध किया और प्रदेश सरकार से तबादला निरस्त करने की मांग उठाई। बाद में इस संबंध में जिला प्रशासन के माध्यम से मुख्यमंत्री और केंद्रीय राज्य मंत्री को ज्ञापन भेजा।
विभिन्न संगठनों के लोगों ने पालिका सभागार में बैठक की। वक्ताओं ने कहा कि जिले के डीएम सविन बंसल मेहनत, कर्मठता और ईमानदारी से जनता के हित में कार्य कर रहे थे। दूरदराज के क्षेत्रों में जाकर जनता की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता में शामिल था, ऐसे में उनका तबादला किया जाना दुभाग्यपूर्ण और निंदनीय है। उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की कि जनहित में डीएम का तबादला निरस्त किया जाए।
बाद में विभिन्न संगठनों के लोगों ने मालरोड से मुख्य बाजार होते हुए कलक्ट्रेट तक जुलूस निकाला और तत्काल प्रभाव से जिलाधिकारी का तबादला निरस्त करने की मांग उठाई। प्रदर्शन और बैठक में पालिकाध्यक्ष प्रकाश जोशी, उलोवा के केंद्रीय अध्यक्ष डा. शमशेर सिंह बिष्ट, प्रो. अरुण पंत, मनोज सनवाल, डा. वसुधा पंत, आशा डिसूजा, डा. जेसी दुर्गापाल, केवल सती, जसवंत सिंह, आनंद बगडवाल, लीला टम्टा, जीसी जोशी, राधा नेगी, सरिता टम्टा, कंचन भट्ट, केवी पांडे, अशोक पांडे, दरबान सिंह रावत, भूपेंद्र कुमार पाठक, आनंद सिंह ऐरी, डीके जोशी, प्रताप सत्याल, लीला खोलिया, अख्तर हुसैन, प्रीति बिष्ट, गोविंद बल्लभ तिवारी, गिरीश पंत, भागीरथ पांडे, आनंद लोहनी, पुष्पा सती, रीता दुर्गापल, सरला बिष्ट, पूरन चंद्र तेवाड़ी, गोपा चौहान, किशन चंद्र जोशी आदि ने भाग लिया। इधर जिला कांग्रेस कमेटी और उत्तराखंड स्वतंत्रता सेनानी एवं उत्तराधिकारी संगठन ने भी जिलाधिकारी के तबादला को दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया है। दोनों संगठनों ने सरकार से डीएम का तबादला निरस्त करने की मांग उठाई है।