एसएसजे परिसर अल्मोड़ा में निदेशक प्रो. नीरज तिवारी को ज्ञापन सौंपते एबीवीपी कार्यकर्ता।
- फोटो : ALMORA
अल्मोड़ा। एसएसजे परिसर में एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने प्रोन्नत छात्रों से प्रवेश शुल्क लेने का विरोध किया है। शुक्रवार को कार्यकर्ताओं ने परिसर निदेशक प्रो. नीरज तिवारी के माध्यम से कुलपति को ज्ञापन भेज प्रवेश शुल्क संबंधित निर्णय वापस लेने की मांग की है। तीन दिन के भीतर फैसला वापस न लेने पर उग्र आंदोलन की भी चेतावनी दी।
परिसर निदेशक को सौंपे ज्ञापन में कार्यकर्ताओं ने कहा कि इस सत्र में पूरे विश्व में कोरोना की मार रही। इससे भारी संख्या में लोग आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। विश्वविद्यालय की ओर से अंतिम सेमेस्टर की परीक्षा करवाई गई। अन्य सेमेस्टर के छात्रों को स्वत: प्रोन्नत किया गया। छात्रों से परीक्षा फॉर्म की फीस भी ले ली गई है, लेकिन तीन अक्तूबर को जारी आदेश में प्रोन्नत छात्रों से प्रवेश शुल्क लेने के संबंध में कहा गया है। जो छात्रों का उत्पीड़न है। प्रवेश शुल्क लेने के आदेशों को छात्रसंघ और एबीवीपी कतई बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने तीन दिनों के भीतर छात्रों से प्रवेश शुल्क संबंधी आदेशों को वापस लेने की मांग की है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि शीघ्र मांग पूरी नहीं हुई तो वह उग्र आंदोलन करेंगे। ज्ञापन देने वालों में छात्रसंघ अध्यक्ष और एबीवीपी प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य दीपक उप्रेती, आशीष जोशी, प्रशांत गौड़, कृष्णा नेगी, अमन बनौला, गौरव तिवारी, बृजेश बुढलाकोटी, निर्मल तड़ागी, नवीन नैनवाल, राहुल कनवाल आदि रहे।