रानीखेत में संयुक्त मजिस्ट्रेट अपूर्वा पांडे को ज्ञापन सौंपते पूर्व सैनिक। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : RANIKHET
रानीखेत (अल्मोड़ा)। पूर्व नौसैनिक के साथ कथित मारपीट और हमले का मामला तूल पकड़ गया है। पूर्व सैनिकों में इससे खासा आक्रोश है। पूर्व सैनिकों ने कहा कि देश के लिए सर्वस्व न्यौछावर करने वाले पूर्व सैनिकों पर जानलेवा हमला निंदनीय है। इधर, राष्ट्रीय सैनिक संस्था ने राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजकर मामले में दोषी लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पूर्व सैनिकों ने संयुक्त मजिस्ट्रेट अपूर्वा पांडे के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा। बताया कि मुंबई में पूर्व नौ सैनिक पर हुए हमला कायरता को दर्शाता है। इसमें कहा गया कि मुंबई में नौसेना के एक पूर्व अधिकारी पर शिव सैनिकों द्वारा जानलेवा हमला किया गया तथा उनके साथ मारपीट की गई। इसको कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी पूर्व सैनिक इस घटना से आहत हैं। कहा कि पूर्व सैनिकों को भी अभिव्यक्ति का अधिकार है। हमला और मारपीट करने वाले दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। ज्ञापन सौंपने वालों में प्रदेश महासचिव पूर्व सूबेदार हरी सिंह नेगी, हीरा सिंह नेगी, सूबेदार ध्यान सिंह बिष्ट, कैप्टन आरएस मेहरा, गोविंद सिंह, शंकर दत्त, हवलदार रघुवर दत्त आदि थे।