बागेश्वर। अल्मोड़ा मैग्नेसाइट वर्कर्स यूनियन ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर मैग्नेसाइट फैक्ट्री का संचालन सुचारू रूप से चलाने की मांग की है। यूनियन के पदाधिकारियों ने कहा कि वर्तमान में उद्योग की स्थिति ठीक नहीं है। ऐसे में मशीनरीकरण और उद्योग को गति देने के लिए आर्थिक पैकेज की नितांत आवश्यकता है। बताया कि बिजली का बिल जमा न होने के कारण विभाग ने फैक्ट्री की विद्युत आपूर्ति काट दी है, जिससे कार्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने बिजली आपूर्ति तत्काल बहाल करने और बिल भुगतान के लिए चार माह का समय देने की मांग की है। यूनियन ने एक सप्ताह के भीतर बोर्ड की बैठक बुलाकर आर्थिक सहायता पैकेज जारी करने का अनुरोध किया है। इस दौरान अध्यक्ष शांति लाल, सचिव गायत्री प्रसाद, विक्रम सिंह, सुरेंद्र लाल, राजेंद्र सिंह सहित कई श्रमिक मौजूद रहे। संवाद