काफलीगैर (बागेश्वर)। राजकीय इंटर कॉलेज असों में शिक्षकों और प्रशासनिक अधिकारियों की कमी के कारण पठन-पाठन पूरी तरह ठप होने की कगार पर है। ग्राम प्रधान संदीप असवाल ने सीईओ को ज्ञापन सौंपकर जल्द से जल्द शिक्षकों की नियुक्ति की मांग की है। सोमवार को ग्राम प्रधान असवाल ने सीईओ को दिए ज्ञापन में बताया कि यह विद्यालय क्षेत्र के चार गांवों का एकमात्र शिक्षण केंद्र है जहां वर्तमान में 201 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। शिक्षकों की कमी का आलम यह है कि यहां स्वीकृत नौ प्रवक्ता पदों के सापेक्ष केवल एक स्थायी प्रवक्ता ही कार्यरत हैं जबकि शेष आठ पद पूरी तरह रिक्त पड़े हैं। प्रधानाचार्य का पद वर्ष 2019 से रिक्त चल रहा है जिसके कारण विद्यालय का प्रबंधन और प्रशासनिक कार्य पूरी तरह अव्यवस्थित है। उन्होंने स्कूल में शिक्षकों की तैनाती की मांग की। संवाद