अल्मोड़ा। जागेश्वर धाम में सुरक्षा कर्मियों द्वारा हथियार लेकर प्रवेश करने के मामले के बाद मंदिर परिसर में हथियारों के प्रवेश पर रोक लगाने की मांग तेज हो गई है। इस संबंध में धाम के मुख्य पुजारी एवं महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद महाराज ने अल्मोड़ा जिला प्रशासन को प्रार्थना पत्र भेजकर मंदिर परिसर के भीतर हथियार ले जाने पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है।
प्रार्थना पत्र में कहा गया है कि जागेश्वर मंदिर समूह केवल ऐतिहासिक धरोहर ही नहीं बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र भी है। ऐसे में मंदिर परिसर और गर्भगृह के भीतर हथियारों का प्रवेश मंदिर की पवित्रता और आध्यात्मिक वातावरण के अनुकूल नहीं है।
उन्होंने कहा कि अक्सर वीआईपी और अधिकारियों के साथ आने वाले सुरक्षा कर्मी हथियारों के साथ मंदिर परिसर और गर्भगृह तक पहुंच जाते हैं। इससे आम श्रद्धालुओं में भय और असुरक्षा की भावना पैदा होती है। साथ ही मंदिर की शांति और गरिमा भी प्रभावित होती है। प्रार्थना पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि देश के कई प्रमुख मंदिरों में सुरक्षा कारणों से शस्त्रों को परिसर के बाहर जमा कराने की व्यवस्था होती है। इसी प्रकार की व्यवस्था जागेश्वर धाम में भी लागू किए जाने की मांग उठाई गई है। स्वामी कैलाशानन्द महाराज ने प्रशासन से मंदिर की संवेदनशीलता को देखते हुए जल्द उचित दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की है।