नगर निगम सभागार अल्मोड़ा में हुई बैठक में मौजूद सेवानिवृत केंद्रीय कर्मचारी।
अल्मोड़ा। सेवानिवृत केंद्रीय कर्मचारी कल्याण समिति की शनिवार को नगर निगम सभागार में बैठक हुई। सेवानिवृत केंद्रीय कर्मचारियों ने अल्मोड़ा से काठगोदाम तक रेल मार्ग बनाने की मांग की। समिति ने इस मामले में पूर्व में प्रधानमंत्री को ज्ञापन भी भेजा है लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
उन्होंने कहा कि नगर के सभी बाईपास, चौराहों, तिराहों सहित बस स्टेशन पर बैठने की उचित व्यवस्था की जाए। नगर की लाइफ लाइन माल रोड पर पार्किंग होने के बावजूद वाहन सड़क के दोनों ओर बेतरतीब खड़े रहते हैं। इस कारण राहगीरों को परेशानी होने के साथ ही जाम भी लगता है। क्वारब में दरकती पहाड़ी और कैंची में लगने वाले जाम के कारण अल्मोड़ा, बागेश्वर, पिथौरागढ़ जिलों के लोगों के लिए सफर दुश्वार हो गया है। जाम लगने के कारण तीन चार घंटे का सफर आठ-दस घंटे का हो जा रहा है। रसोई गैस की होम डिलीवरी की जानी चाहिए ताकि उपभोक्ताओं को किसी तरह की परेशानी न हो। बैठक में एनसी जोशी, सीएस सिराड़ी, एएस कार्की, एमडी कांडपाल, हरीश लाल, गणेश बिष्ट, पीएस नेगी, दिवान सिंह बिष्ट, आरपी जोशी, डॉ. पीसी जोशी आदि मौजूद रहे।