अल्मोड़ा। उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और चुनाव आयोग पर लगे गंभीर आरोपों की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। पार्टी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को तत्काल पद से हटाने व पूरे मामले की सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में स्वतंत्र जांच कराने की मांग उठाई है।
उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी के संस्थापक अध्यक्ष एवं संयोजक पीसी तिवारी ने कहा कि चुनाव जैसी महत्वपूर्ण लोकतांत्रिक व्यवस्था से जुड़ी किसी भी अनियमितता, भ्रष्टाचार अथवा लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता पर सवाल खड़े करने वाली गतिविधियों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सामने आ रही जानकारियां यदि जांच में सही पाई जाती हैं, तो यह देश के लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं के लिए गंभीर स्थिति होगी। उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी ने नागरिक समाज, राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों से लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से अपनी आवाज उठाने की अपील की। कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए होने वाले शांतिपूर्ण एवं संवैधानिक प्रयासों में वह पूरी ताकत से सहयोग करेगी।