युवक की नदी में नहाने के दौरान डूबने से मौत
- फोटो : अमर उजाला
दिल्ली से मरचूला स्थित एक रिजार्ट में आयोजित विवाह समारोह में शामिल होने आए दिल्ली के एक फोटोग्राफर की मरचूला के रामगंगा नदी में नहाने के दौरान डूबने से मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक मरचूला स्थित एक रिजाॅर्ट में मंगलवार को शादी समारोह था। दिल्ली से 12 फोटोग्राफरों की समारोह में आयी थी।
करन मेहता (23) पुत्र रामएकवाल मेहता निवासी टीथ्री 40 इंद्राकैंप मालवीयनगर दिल्ली, साथी फोटोग्राफर करन उप्पल, मंथन, धर्मेद्र कुमार वर्मा, मनोज कुमार के साथ मरचूला के पास रामगंगा नदी में नहाने पहुंचा।
करन ने नहाने के लिए सबसे पहले नदी में छलांग लगाई लेकिन वह बाहर नहीं आया। साथियों ने करन के बाहर नहीं आने पर मदद के लिए शोर मचाना शुरू कर दिया। चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। नदी में अभियान चलाया गया। काफी मशक्कत के बाद करन को नदी से बाहर निकाला गया लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव का पंचनामा भरा। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवायल लाया गया। सल्ट के थानाध्यक्ष प्रमोद पाठक ने बताया कि घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई है।
बेटे की मौत की खबर सुन सदमे में आए परिजन
बेटे की मौत की खबर सुनकर माता पिता और अन्य परिजन सदमे में है। सूचना के बाद वह घटनास्थल मरचूला को रवाना हो चुके हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।