द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। राजधानी को जोड़ने वाली परिवहन निगम की एकमात्र देहरादून बस सेवा बंद हो जाने से लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि पर्वतीय रूटों से लगातार बस सेवाएं बंद हो रही हैं। पूर्व में कई महत्वपूर्ण सेवाएं बंद हो चुकी हैं, जिस कारण ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को भारी परेशानी हो रही है। यदि शीघ्र सेवा बहाल नहीं की गई तो आंदोलन होगा।
द्वाराहाट में कुमाऊं इंजीनियरिंग कालेज, पॉलीटेक्निक कालेज सहित तमाम बड़े शिक्षण संस्थान हैं। यहां कई प्रदेशों के छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं, लेकिन नियमित बस सेवाएं बंद हो जाने से बच्चों को भारी दिक्कतें हो रही हैं। मजबूरन छोटे वाहनों में उन्हें भारी भरकम किराया खर्चना पड़ रहा है। दूसरी तरफ ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को भी सेवाएं बंद होने से भारी परेशानी है।
गवर्नमेंट पेंशनर वेलफेयर आर्गनाइजेशन, पूर्व सैनिक संगठन सहित तमाम संगठनों के पदाधिकारियों ने निगम के निदेशक को ज्ञापन भेजकर अतिशीघ्र सेवाएं संचालित करने की मांग उठाई है। ज्ञापन देने वालों में पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष विनोद जोशी, गवर्नमैंट पैंशनर आर्गनाइजेशन के अध्यक्ष एचआर आर्य, पूर्व सैनिक संगठन अध्यक्ष नंदा बल्लभ मठपाल, हीरा सिंह, खुशाल सिंह, भुवन तिवारी, सुधीर शाह, मोहन जोशी, कमल किशोर, दौलत राम, नरेंद्र कुमार आदि शामिल थे।