अल्मोड़ा। उत्तराखंड जूनियर वॉलीबॉल अंडर-18 बालक और बालिका वर्ग की दो दिवसीय राज्य स्तरीय चैंपियनशिप का फाइनल बालक वर्ग में महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कालेज देहरादून और बालिका वर्ग में पिथौरागढ़ की टीम ने जीत लिया। मुख्य अतिथि 13 सिख रेजीमेंट के ले. कर्नल सन्नी राठी ने विजेता और उपविजेता टीमों को ट्राफी प्रदान की।
चैंपियनशिप के फाइनल राउंड में बालक वर्ग में महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कालेज देहरादून विजेता, हरिद्वार उपविजेता और चमोली-गोपेश्वर की टीम तीसरे स्थान पर रही। वहीं बालिका वर्ग में पिथौरागढ़ की टीम विजेता, ऊधमसिंहनगर की टीम उपविजेता और देहरादून की टीम तीसरे स्थान पर रही। समापन कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ले. कर्नल सन्नी राठी ने विजेता और उपविजेता टीम के प्रतिभागियों को ट्राफी देकर पुरस्कृत किया। उन्होंने टीम कोच को भी प्रतीक चिन्ह प्रदान किए। इस मौके पर उन्होंने खिलाड़ियों से खेलों के प्रति अन्य सहपाठियों को भी प्रेरित करने का आह्वान किया। विद्यालय की प्रधानाचार्या विनीता शेखर और प्रबंध निदेशक शेखर लखचौरा ने सभी का आभार जताया। चैंपियनशिप में निर्णायक की भूमिका दीपक डंगवाल, चंदन सिंह बिष्ट, गिरीश चंद्र सिंह बिष्ट, यशपाल बिष्ट, प्रकाश त्रिपाठी, नवीन वर्मा, राजेश बिष्ट, योगेश बिष्ट ने निभाई। इस मौके पर विद्यालय के शिक्षक, शिक्षिकाओं के अलावा कैंट बोर्ड के उपाध्यक्ष जंग बहादुर थापा समेत कई गणमान्य लोग मौजूद थे।