अल्मोड़ा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण और औषधि प्रशासन की संयुक्त टीम ने अस्पताल और मेडिकल स्टोरों का निरीक्षण किया। इस दौरान मेडिकल स्टोरों में एक्सपायरी दवाइयां मिलीं।
फार्मासिस्ट और रजिस्टर भी नहीं मिले। अनियमितता पाए जाने पर दो मेडिकल स्टोर संचालकों को नोटिस जारी किए गए। उनसे सात दिन के भीतर स्पष्टीकरण मांगा है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अनामिका सिंह और औषधि निरीक्षक पूजा जोशी ने सोमवार को बेस अस्पताल और आसपास के मेडिकल स्टोरों का संयुक्त औचक निरीक्षण किया। इस दौरान एक्सपायरी दवाइयांे और मेडिकल स्टोर संचालकों के लाइसेंस की जांच की गई। मेडिकल स्टोरों में एक्सपायरी दवाइयां मिली। सफाई व्यवस्था भी दुरस्त नहीं थी। वहां न तो फार्मासिस्ट था और न ही रजिस्टर।
अनियमितता पर दो मेडिकल स्टोर संचालकों को नोटिस जारी किए गए। उन्हें सात दिन के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। मेडिकल स्टोरों में नियमानुसार कैश मेमो मैंटेन करने, लेबल्ड एक्सपायरी बॉक्स बनाने, सभी ग्राहकों को बिल उपलब्ध कराने, एक्सपायरी दवाइयों के सही रख रखाव और साफ -सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए।