रानीखेत (अल्मोड़ा)। छात्रसंघ चुनाव के परिणाम घोषित होते ही अध्यक्ष पद की पराजित प्रत्याशी बबली बिष्ट के समर्थकों ने जमकर हंगामा किया। आरोप था कि कालेज प्रशासन ने गुपचुप तरीके से बीएड संकाय के छात्र-छात्राओं से वोट डलवा दिए, जिससे उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। गांधी चौक पर धरने के दौरान बबली बिष्ट ने आत्मदाह की धमकी देते हुए पेट्रोल छिड़कने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को तितर बितर कर दिया। इस बीच छीना-झपटी में पेट्रोल से भरी बोतल गिरकर टूट गई। संयुक्त मजिस्ट्रेट ने जांच का आश्वासन दिया, तब मामला शांत हुआ।
सोमवार को चुनाव के बाद परिणाम घोषित हुए तो अध्यक्ष पद की निर्दलीय उम्मीदवार बबली बिष्ट 41 वोटों से पराजित हो गई। इससे समर्थक आग बबूला हो गए, कालेज प्रशासन के खिलाफ नारेेबाजी करते हुए बाजार आ धमके। उन्होंने प्राचार्य का पुतला भी फूंका। गांधी चौक स्थित मुख्य सड़क पर पौन घंटे तक जाम लगा दिया। सीओ वीर सिंह, कोतवाल नारायण सिंह ने समझाने का प्रयास किया, लेकिन छात्र-छात्राएं मानने को तैयार नहीं थे, उनका कहना था कि चुनाव रद्द किए जाएं। प्राचार्य और छात्रसंघ चुनाव प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई की जाए। मौके पर संयुक्त मजिस्ट्रेट नरेंद्र भंडारी पहुंचे। छात्र छात्राओं ने उन्हें चुनाव आर्डर दिखाया और कालेज प्रशासन पर धांधली का आरोप लगाया।
संयुक्त मजिस्ट्रेट से वार्ता चल ही रही थी कि कुछ छात्र पेट्रोल की बोतल ले आए, प्रत्याशी बबली बिष्ट ने पेट्रोल छिड़कने की कोशिश की, हरकत में आई पुलिस ने बोतल छीनने का प्रयास किया, धक्का मुक्की हुई, बोतल सड़क पर गिरकर टूट गई। कोतवाल ने सतर्कता दिखाते हुए वहां लाठियां भांजनी शुरू कर दी। इसके बाद भीड़ छंटी और पुलिस, प्रशासन के लोग छात्र छात्राओं के साथ कालेज परिसर जा पहुंचे। यहां भी समर्थकों ने जमकर बवाल काटा। संयुक्त मजिस्ट्रेट ने मौके पर प्रभारी प्राचार्या अनुपमा तिवारी, बीएड संकाय के प्रभारी सुशील जैन को मौके पर बुलाया। प्रभारी प्राचार्या ने बताया कि बीएड संकाय की छात्र-छात्राओं के मतदान के लिए उनके पास लिखित आदेश हैं। आम सभा में भी छात्र-छात्राओं को बताया गया था। बाद में लिखित शिकायत के बाद संयुक्त मजिस्ट्रेट ने सात दिन के भीतर जांच करने का आश्वासन दिया, इसके बाद मामला शांत हुए।
बीएड में 65 विद्यार्थी पंजीकृत
रानीखेत। राजकीय महाविद्यालय में स्ववित्तपोषित बीएड की 65 छात्र-छात्राएं हैं। पूर्व में यहां बीएड की छात्र-छात्राएं मतदान नहीं करती थी, लेकिन पहली बार मतदान किया। पराजित प्रत्याशी बबली बिष्ट और समर्थकों का कहना है कि वह 41 मतों से पराजित हुई हैं, उन्हें समय पर सूचना नहीं दी गई, पहले सूचना होती तो वह प्रचार करती और जीत भी सकती थी।
संयुक्त मजिस्ट्रेट बोले, मामले की होगी निष्पक्ष जांच
रानीखेत। कालेज परिसर में संयुक्त मजिस्ट्रेट ने छात्र-छात्राओं को समझाने का प्रयास किया। कहा कि छात्र-छात्राएं लिखित में शिकायत दें, वह मामले की निष्पक्ष जांच कराएंगे। यदि जांच में मामला गड़बड़ मिला तो दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होगी और दोबारा चुनाव होंगे।
भीड़ पर लाठियां भांजते कोतवाल। अमर उजाला- फोटो : RANIKHET
आक्रोशित छात्र छात्राओं को समझाते संयुक्त मजिस्ट्रेट। अमर उजाला- फोटो : RANIKHET