अल्मोड़ा। उत्तराखंड क्रांति दल के महानगर अध्यक्ष मोहित साह और उनकी पत्नी लता साह की सोमवार को शादी की 18वीं सालगिरह थी। घर में समारोह की तैयारियां चल रही थीं लेकिन लता की मौत से सारी खुशियां मातम में बदल गईं।
लता साह डिग्री कॉलेज मासी में योग की प्रशिक्षिका थीं। सोमवार को उनकी शादी की 18वीं सालगिरह थी। वह पति संग सालगिरह की तैयारियों में जुटी थीं। घर में खुशी का माहौल था। इस दौरान संदिग्ध हालात में जलने से लता की मौत हो गई। इससे परिजन गमजदा है।
पुलिस के मुताबिक, जांच में पता चला कि लता अवसाद में थीं। उन्होंने 15 दिन पहले भी आत्महत्या का प्रयास किया था। उन्होंने जहर खाने की कोशिश की थी। संयोग से तब उनकी जान बच गई थी। सोमवार सुबह उनकी संदिग्ध हालात में झुलसने से मौत हो गई।
लता साह योग प्रशिक्षिका थीं जो शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक शांति और समग्र कल्याण के लिए योग के विभिन्न आसनों, प्राणायाम और ध्यान सहित छात्र-छात्राओं को योगाभ्यास कराती थीं। दूसरों को मानसिक शांति के तरीके बताने वाली लता साह की मौत से परिजन भी सदमे में है।