सोमेश्वर। क्षेत्र के झिलोली खेत में एक मादा तेंदुए का शव मिला है। वन विभाग के मुताबिक उसकी मौत आपसी संघर्ष में हुई है। तेंदुए के शव को पोस्टमार्टम के बाद जलाकर नष्ट कर दिया गया।
झिलोली खेत के ग्रामीणों ने बुधवार को खेत में एक तेंदुए का शव देखा। ग्रामीणों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी। मौके पर पहुंचे वन दरोगा हीरा सिंह बिष्ट और उनकी टीम तेंदुए के शव पोस्टमार्टम के लिए अल्मोड़ा ले गई। वहां पशु चिकित्सकों ने उसका पोस्टमार्टम कर शव वन विभाग को सौंप दिया। वन दरोगा हीरा सिंह बिष्ट ने कहा कि मादा तेंंदुए की उम्र करीब एक वर्ष थी। आपसी संघर्ष में उसकी मौत हुई है। शव को जलाकर नष्ट कर दिया गया है। वहीं क्षेत्र में लगातार तेंदुए की सक्रियता से ग्रामीणों में दहशत है। ग्रामीण विजय कुमार पांडे ने कहा कि वन विभाग को पिंजरा लगाकर तेंदुए को पकड़ना चाहिए ताकि कोई अप्रिय घटना न घटे।
भालू ने बदियाकोट में तोड़े कई मौन बॉक्स
कपकोट/बागेश्वर। हिमालयी क्षेत्र के गांव बदियाकोट में भालू ने कई ग्रामीणों के घरों में लगे मधुमक्खी के बॉक्स नष्ट कर दिए। इससे परेशान ग्रामीणों ने ब्लॉक प्रमुख गोविंद सिंह दानू को ज्ञापन दिया। इसमें बताया कि बदियाकोट के पटाक तोक में पांच रात से रोज भालू आ रहा है। उसने सोनू दानू, भजन राम, अर्जुन, मंगल सिंह, जोध सिंह, कमल राम, रतन राम, बलवंत सिंह, राजन सिंह, उमराव सिंह, रतन सिंह, प्रवीण सिंह के घर में लगे मधुमक्खी के कई बक्से नष्ट कर दिए। इससे पहले भालू ने आठ बकरियों को मार दिया था। कपकोट के चुचेर, भनार आदि गांवों में भालू ने लोगों पर भी हमला किया था। इससे ग्रामीण डरे, सहमे हैं। प्रमुख दानू ने वन विभाग के अधिकारियों को सूचना देकर समस्या सुलझाने के लिए कहा है।