अंगीठी की आग का मृतक हरीश कुमार
- फोटो : RANIKHET
रानीखेत (अल्मोड़ा)। मजखाली के एक कॉटेज में अंगीठी की गैस लगने से खानसामे की मौत हो गई। घटना से परिजनों में मातम है।
ग्राम गल्ली बस्यूरा निवासी हरीश कुमार (29) मजखाली स्थित एक कॉटेज में काम करता था। वह उसी कॉटेज में बने एक सर्वेंट रूम में रहता था। वह डिमांड पर बाहर भी खाना पहुंचाता था। उसके पास के एक कॉटेज में शुक्रवार को कुछ मेहमान रुके थे। उनके लिए हरीश ने ही तीन दिन खाना बनाया। मेहमानों को भोजन कराने के बाद रविवार रात हरीश अपने कमरे में सोने चला गया।
मेहमानों को सोमवार सुबह वहां से लौटना था लेकिन कुक हरीश के कमरे का दरवाजा काफी देर तक नहीं खुला। उन्होंने कुंडी तोड़ी तो हरीश कुमार वहां बेसुध पड़ा था। शव के पास ही बड़ी अंगीठी रखी गई थी। सूचना मिलने पर कोतवाल नासिर हुसैन समेत नायब तहसीलदार हेमंत मेहरा के नेतृत्व में राजस्व उप निरीक्षक ललित कुमार मौके पर पहुंचे।
पुलिस के पहुंचने तक हरीश की मौत हो चुकी थी। माना जा रहा है कि अत्यधिक ठंड के कारण हरीश अंगीठी को कमरे में ही रखकर सो गया होगा। अंगीठी की गैस लगने से घटना हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी गैस के कारण दम घुटने से मौत की आशंका जताई गई है।