शहीद मेजर चित्रेश को श्रद्धांजलि देते जिलाधिकारी, ब्लाक प्रमुख और अन्य। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : RANIKHET
रानीखेत (अल्मोड़ा)। जम्मू-कश्मीर के राजौरी नौसेरा सैक्टर में आईईडी डिफ्यूज करते वक्त शहीद हुए मेजर चित्रेश बिष्ट सेना मेडल की पहली पुण्यतिथि उनके पैतृक गांव पीपली में बलिदान दिवस के रूप में मनाई गई।
जिला प्रशासन की ओर से गांव में श्रद्धांजलि सभा और बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया। मुख्य अतिथि जिलाधिकारी नितिन भदौरिया ने शहीद के चित्र पर माल्यार्पण किया। केेआरसी की ओर से बैंड धुनों के बीच ग्रामीणों ने बारी-बारी से शहीद के चित्र पर फूल चढ़ाकर उनकी शहादत को याद किया। विद्यालयी बच्चों ने देशभक्ति गीतों के माध्यम से ग्रामीणों की आंखें नम कर दीं।
जिलाधिकारी ने चित्रेश फाउंडेशन की ओर से 11 कमजोर मेधावी बच्चों छात्रवृत्ति प्रदान की और कहा कि यह धनराशि फाउंडेशन की ओर से हर साल दी जाएगी। श्रीलंका में शांति सैनिक के रूप में ड्यूटी के दौरान लैंडमाइन की चपेट में आने से घायल हुए पूर्व सैनिक गोपाल सिंह को भी सम्मानित किया गया। जिलाधिकारी ने वीर शहीद मेजर चित्रेश के परिजनों को सम्मानित करते हुए उन्हें प्रतीक के रूप में पौधे प्रदान किए। अब इन पौधों का गांव में रोपण किया जाएगा। ब्लॉक प्रमुख हीरा रावत ने भी शहीद की शहादत को नमन किया ।