अल्मोड़ा। जिले में ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) टीकाकरण अभियान शुरू हो गया है। जिला अस्पताल में शनिवार को टीकाकरण अभियान का विधिवत शुभारंभ किया गया। अभियान की लॉन्चिंग पर 10 किशोरियों को एचपीवी वैक्सीन लगाने का लक्ष्य था। नौ किशोरियों को वैक्सीन लगाई गई जबकि एक किशोरी नहीं पहुंच सकी।
टीकाकरण अभियान आगामी तीन माह तक संचालित किया जाएगा। अभियान की अवधि पूर्ण होने के बाद एचपीवी वैक्सीन को नियमित टीकाकरण कार्यक्रम में शामिल कर दिया जाएगा जिससे पात्र किशोरियों को निरंतर लाभ मिलता रहे। अपर जिला अधिकारी युक्ता मिश्र, मेयर अजय वर्मा ने किशोरियों और अभिभावकों को टीकाकरण के महत्व के बारे में जागरूक किया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रवीण कुमार ने बताया कि यह पहल बालिकाओं के स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने सभी अभिभावकों से अपनी 14 वर्ष की बेटियों को समय पर टीकाकरण के लिए अवश्य लाने की अपील की। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. दीपांकर डेनियल ने बताया कि अभियान के दौरान जिले के सभी संबंधित स्वास्थ्य केंद्रों पर टीकाकरण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। इस अभियान के अंतर्गत 14 वर्ष की किशोरियों को एचपीवी वैक्सीन लगाई जाएगी जिसका उद्देश्य सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षा प्रदान करना है।