- एसएसजे विवि का दो महीने पीछे हुआ सत्र
संवाद न्यूज एजेंसी
अल्मोड़ा। सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय में समर्थ पोर्टल पर छात्र-छात्राओं का डेटा दर्ज नहीं हो पाने के कारण बीएड, एलएलबी और एलएलएम पाठ्यक्रमों की परीक्षाएं समय पर आयोजित नहीं हो सकीं। इससे इन पाठ्यक्रमों का शिक्षा सत्र दो महीने पीछे चला गया है। अब छात्र-छात्राओं में परीक्षाओं को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
एसएसजे विश्वविद्यालय में बीएड, एलएलबी और एलएलएम पहले सेमेस्टर में प्रवेश के लिए तीन काउंसलिंग का आयोजन किया गया था। तीसरी काउंसलिंग के बाद परिसर और महाविद्यालयों में प्रवेश लेने वाले छात्र-छात्राओं का डेटा समर्थ पोर्टल पर दर्ज नहीं हो सका। इससे बीएड के 100, एलएलबी के 20 और एलएलएम के तीन छात्र-छात्राओं का डेटा पोर्टल पर अपलोड नहीं हो पाया और उनका सत्यापन नहीं हो सका। इस समस्या के कारण इन पाठ्यक्रमों में पंजीकृत कुल 565 छात्र-छात्राओं की परीक्षाएं प्रभावित हुई हैं। छात्र-छात्राओं का सत्यापन नहीं हो पाने के कारण समर्थ टीम परीक्षा फॉर्म भी जारी नहीं कर पा रही है।
समर्थ टीम के नोडल अधिकारी मनोज सिंह बिष्ट ने बताया कि परिसर और महाविद्यालयों से प्रवेश लेने वाले छात्र-छात्राओं का डेटा मंगवाकर समर्थ पोर्टल की देहरादून टीम को भेजा गया है। उन्होंने कहा कि सभी छात्र-छात्राओं का डेटा पोर्टल पर दर्ज करने के बाद जल्द ही परीक्षाओं के लिए फॉर्म जारी किए जाएंगे।
मैरिट के आधार पर दिया गया प्रवेश
समर्थ पोर्टल बंद होने के बाद तीसरी काउंसलिंग ऑफलाइन माध्यम से आयोजित की गई। इसमें छात्र-छात्राओं को मैरिट के आधार पर रिक्त सीटों पर प्रवेश दिया गया। छात्र-छात्राओं ने अपनी पसंद के परिसर और महाविद्यालयों का चयन किया, लेकिन परिसर और महाविद्यालयों की ओर से समर्थ टीम को 123 छात्र-छात्राओं का डेटा नहीं भेजा गया। इसके कारण परीक्षाओं में देरी हुई है।