द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। बिपिन त्रिपाठी कुमाऊं इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (बीकेटीसी) के दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों का विनियमितीकरण की मांग को लेकर चल रहा धरना-प्रदर्शन मंगलवार को दसवें दिन भी जारी रहा। कर्मचारी प्रशासनिक भवन प्रांगण में अपनी एक सूत्रीय मांग को लेकर लगातार आंदोलन कर रहे हैं।
आंदोलनकारी कर्मचारियों ने तकनीकी शिक्षा मंत्री एवं सचिव तकनीकी शिक्षा से मांग की है कि संस्थान में पिछले 25 से 30 वर्षों से कार्यरत दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों की लंबी सेवाओं को देखते हुए रिक्त पदों के सापेक्ष उनके विनियमितीकरण के आदेश शीघ्र जारी किए जाएं। उनका कहना है कि शासन स्तर से आदेश जारी होने के बाद संस्थान के निदेशक आवश्यक कार्रवाई कर सकेंगे। कर्मचारियों ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि वे केवल आश्वासनों से संतुष्ट होने वाले नहीं हैं। जब तक शासन स्तर से विनियमितीकरण के आदेश जारी नहीं हो जाते, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
धरना-प्रदर्शन को सामाजिक कार्यकर्ता दिवाकर कार्की, राजेन्द्र सिंह नेगी सहित कई लोगों ने अपना समर्थन दिया। उन्होंने कर्मचारियों की मांगों को न्यायसंगत बताते हुए सरकार से सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की।दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी संगठन के अध्यक्ष राजेन्द्र सिंह रावत ने कहा कि वर्षों से संस्थान की सेवा करने के बावजूद कर्मचारियों को नियमितीकरण का लाभ नहीं मिल पाया है। इससे कर्मचारियों में निराशा है और वे अपने भविष्य को लेकर चिंतित हैं। धरने में धन सिंह अधिकारी, खजान नौगाई, विनेश कुमार, पुष्पा मठपाल, जसूली देवी, रूबी देवी, दीपक बजेगा, भूपेंद्र सिंह सहित कई कर्मचारी मौजूद रहे।