अल्मोड़ा। जिले में हरेला पर्व धूमधाम से मनाया गया। परिवार के बुजुर्गों ने बच्चों और अन्य लोगों को हरेला शिरोधारण कराकर आशीर्वाद दिया।
बुधवार को पूजा के बाद हरेला काटा गया। हरेले को कुलदेवता, ग्रामदेवता के मंदिरों में अर्पित किया गया। बुजुर्गों ने लाग हरयाव, लाग बग्वाल जी रयै जागि रयै, यो दिन बार भेटने रया.... की आशीष के साथ परिवार के सदस्यों को हरेला शिरोधारण कराया। मान्यता है कि हरेला जितना अच्छा उगा होगा फसल भी उतनी ही अच्छी होगी। परंपरा के तहत ग्रामीण इलाकों में नव विवाहिताओं ने शादी के बाद अपना पहला हरेला त्योहार मायके में मनाया। हरेले पर्व पर घरों में विभिन्न तरह के पकवान बनाए गए
राजकीय प्राथमिक विद्यालय मटीलाधूरा में हरेला पर्व मनाया गया। इस मौके पर मेरा हरेला सबसे न्यारा प्रतियोगिता हुई। बच्चों ने 10 दिन पूर्व ही प्रतियोगिता की तैयारी अपने घरों में हरेला बोने के साथ की थी। प्रतियोगिता में कक्षा पांच के पंकज बिष्ट, हितेश बिष्ट और कक्षा चार की हर्षिता भंडारी ने क्रमश: प्रथम, द्वितीय, तृतीय स्थान प्राप्त किया।