अल्मोड़ा। श्रीराम सांस्कृतिक और सामाजिक सेवा समिति की ओर से जीआईसी अल्मोड़ा के मैदान में आयोजित 10 दिनी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी कुमाऊं महोत्सव की स्टार नाइट में लोक कलाकारों ने कुमाऊंनी और हिंदी गीतों की प्रस्तुति देकर खूब रंग जमाया।
लोक गायिका माया उपाध्याय ने हाई काकड़ी झिले मां नूण पिसो सिले मां दाज्यू बैठि रया बौज्यू दिले मां..., क्रीम पौड़रा घिसनि किले न...गीतों की शानदार प्रस्तुति दी। उन्होंने आयोजक मंडल और दर्शकों को जी रया जागि रया गीत गाकर आशीष दी।
प्रकाश कुमार ने पहाड़ों को ठंड पानी कसि छू मीठी बानी.., मै तेरो मक्खना तू मेरी डबल रोटी तेरो मेरो.., प्रियंका भट्ट ने हुस्न पहाड़ों का ओ साहिबा हुस्न पहाड़ों का क्या कहना कि बारहों महीने यहां मौसम जाड़ों का..आदि गीत प्रस्तुत किए।
कलाकारों ने जैसे ही मंच पर गीतों की प्रस्तुति दी तो दर्शक दीर्घा में बैठे दर्शकों ने तालियां बजाकर उनका स्वागत किया। नृत्य के ऑडिशन में चयनित प्रतिभागियों ने मंच पर कुमाऊंनी, गढ़वाली गीतों पर नृत्य की प्रस्तुति दी। निर्णायक मनमोहन चौधरी, रमेश लाल, अखिलेश थापा, देवेंद्र भट्ट आदि मौजूद थे।
मुख्य अतिथि राम अवतार को सरोज अग्रवाल, हर्षिता अग्रवाल, विशिष्ट अतिथि विशन सिंह बिष्ट को समिति के अध्यक्ष राजेंद्र तिवारी, मुख्य संयोजक अमरनाथ सिंह नेगी, सचिव वैभव पांडे ने प्रतीक चिह्न प्रदान किया। मुख्य संयोजक अमरनाथ नेगी ने सभी का आभार जताया। संचालन गीतम भट्ट, डॉ. संतोष बिष्ट, हर्षिता तिवारी ने किया। कार्यक्रम में बाल आयोग की सदस्य रेखा रौतेला, गिरीश मल्होत्रा, जगदीश वर्मा, अवनीत अवस्थी, धर्म जागरण के मनोज पवार, सूरज वाणी आदि मौजूद थे।