बेस अस्पताल में सीटी स्कैन मशीन से मरीज की जांच करते टैक्नीशियन।
- फोटो : ALMORA
अल्मोड़ा। तीन साल के लंबे अंतराल और इंतजार के बाद नई सीटी स्कैन मशीन चालू हुई और मंगलवार को बेस अस्पताल में मरीजों का सीटी स्कैन किया गया। इस दौरान करीब चार मरीजों का सीटी स्कैन किया गया। सीटी स्कैन कराने पहुंचे मरीजों ने खुशी जताई कि उन्हें हल्द्वानी नहीं जाना पड़ रहा और अल्मोड़ा में ही उन्हें उपचार की सुविधा मिल जाएगी। इससे पहले सोमवार को डॉक्टर और तकनीशियन की मौजूदगी में सीटी स्कैन मशीन का डैमो किया गया था।
दो करोड़ 30 लाख रुपये की नई सीटी स्कैन मशीन बेस अस्पताल में सितंबर में पहुंची थी। इंजीनियर की देखरेख में मशीन की असेंबलिंग का काम किया गया। मालूम हो वर्ष 2004-05 में बेस अस्पताल में सीटी स्कैन मशीन लगने के बाद पुरानी मशीन 10-11 साल ही चल सकी।
इस दौरान अल्मोड़ा समेत पिथौरागढ़, बागेश्वर समेत पहाड़ में दुर्घटना में घायल और अन्य मरीजों को सीटी स्कैन कराने के लिए लंबी दूरी तय कर हल्द्वानी जाना पड़ रहा था। इधर अस्पताल के पीएमएस डॉ. एचएस गड़कोटी ने बताया कि मंगलवार को मशीन चालू हो गई है और इस दौरान चार लोगों का सीटी स्कैन किया गया। सीटी स्कैन रेडियोलाजिस्ट डॉ. निखिल कुमार ने किया।