स्याल्दे के कोटसारी में नेपाली मजदूर के हत्यारों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। इससे नाराज मृतक के रिश्तेदारों ने रानीखेत स्थित पोस्टमार्टम हाउस से शव उठाने से इनकार कर दिया। उनका कहना कि जब तक हत्याकांड का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता तब तक वह शव नहीं उठाएंगे।
स्याल्दे के कोटसारी में नेपाली मजदूर राम पाल (50) फतेहपुर निवासी पूरन चंद्र पंचोली के यहां खच्चर चलाने का काम करता था। बताया जाता है कि शनिवार की रात नेपाली मजदूरों में आपस में ही किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। एक नेपाली मजदूर ने अपने साथी पर हमला कर दिया जिससे उसकी मौत हो गई। हत्या में शामिल आरोपी फरार बताए गए हैं। सूचना मिलने पर राजस्व पुलिस ने मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए रानीखेत ले गई। इधर सोमवार को मृतक के रिश्तेदार हत्याकांड का खुलासा तथा आरोपियों की गिरफ्तारी होने पर ही शव को पोस्टमार्टम हाउस से उठाने पर अड़ गए। राजस्व पुलिस के काफी समझाने के बाद भी उन्होंने शव को नहीं उठाया। राजस्व उप निरीक्षक केवलानंद रिखाड़ी ने बताया कि आरोपियों का पता लगाया जा रहा है।