अल्मोडा। मार्च में नगर में हुई दो चोरियों का पुलिस ने खुलासा करते हुए अधूरिया (सोमेश्वर) निवासी आरोपी को धारा 380 में गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के पास से चुराई गई 60 हजार रुपये की नकदी में से 12 हजार रुपये और बैंक पासबुक, बैग, आधार कार्ड, पैन कार्ड भी बरामद किया है। दोनों चोरियों का खुलासा करने पर पुलिस उपाधीक्षक आरएस टोलिया ने पुलिस टीम को दो हजार रुपया ईनाम देने की घोषणा की है।
पहली घटना तीन माह पहले 23 मार्च की है जब रोडवेज स्टेशन के पास जगदीश चंद्र जोशी का बैग चोरी हो गया था। बैग में 40 हजार रुपये के अलावा दो एसबीआई की पासबुक थी। दूसरी घटना 30 मार्च की है। चौक बाजार में अर्बन को-आपरेटिव बैंक के पास से महिला मुन्नी तिलारा के पर्स से चोर 20 हजार रुपये के अलावा आधार कार्ड और पैन कार्ड चोरी कर ले गया था। दोनों मामलों में कोतवाली में मामला दर्ज हुआ था।
एसएसपी पी रेणुका देवी के निर्देश पर पुलिस चोर की तलाश में जुटी थी। आरोपी को पकड़ने के लिए दो टीमें गठित की थी। पुलिस उपाधीक्षक आरएस टोलिया ने बताया कि मुखबिर की सूचना और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने चोर को लक्ष्मेश्वर के पास पकड़ लिया है और थाने लाई। आरोपी गिरीश सिंह बोरा निवासी अधूरिया थाना सोमेश्वर का रहने वाला है। पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो आरोपी ने दोनों चोरियां करने की बात स्वीकारी। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने उसके घर से चोरी के दोनों मामलों में चुराई गई 60 हजार की नकदी में से 12 हजार नकदी और अन्य सामान बरामद कर लिया है। वहीं, टैक्सी यूनियन के अध्यक्ष शैलेंद्र तिलारा ने भी पुलिस के कार्य की सराहना करते हुए चोर को पकड़ने पर पुलिस टीम को 1100 रुपये ईनाम देने की घोषणा की है। पुलिस टीम में कोतवाल चंद्र मोहन सिंह, एसआई गणेश सिंह मनोला, मनोहर सिंह, दिनेश नगरकोटी, संदीप सिंह, प्रकाश नगरकोटी, भगवत मेहरा शामिल थे।