अल्मोड़ा। जिले में रीप परियोजना के बैंक खाते से धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। परियोजना के खाते से चेक के माध्यम से 96,900 रुपये एक व्यक्ति के खाते में धोखाधड़ी से हस्तांतरित किए गए। मामले में कोतवाली में केस दर्ज किया गया है।
विकास भवन स्थित रीप कार्यालय के सहायक प्रबंधक (लेखा) विक्रम सिंह ने पुलिस में तहरीर दी। बताया कि ग्रामीण उद्दम वेग वृद्धि परियोजना-रीप का परियोजना खाता संख्या 0962000101411382 पंजाब नेशनल बैंक माल रोड अल्मोड़ा के माध्यम से संचालित किया जा रहा है। उक्त खाते में से बीते 12 मार्च को चेक संख्या 751455 के माध्यम से 96,900 रुपये राजू साहिस के खाते में धोखाधड़ी से हस्तांतरित किया गया है। जबकि परियोजना ने बैंक में धनराशि हस्तांतरण के लिए चेक संख्या-751455 प्रेषित नहीं किया है। चेक संख्या-751455 का रद्द चेक परियोजना कार्यालय में उपलब्ध है। कोतवाल योगेश चंद्र उपाध्याय ने बताया तहरीर के आधार पर धोखाधड़ी का केस दर्ज किया गया है। जांच की जा रही है।