रानीखेत (अल्मोड़ा)। रानीखेत-हल्द्वानी हाईवे समीप ग्राम बजीना में रविवार को घर के बाहर बैठी एक बुजुर्ग महिला को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसा इतना भयानक था कि महिला कार के नीचे फंस गईं। स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
ग्राम बजीना निवासी मालती देवी रविवार दोपहर अपने घर के आंगन में बैठी थीं। इस दौरान रानीखेत से रुद्रपुर की ओर जा रही कार (संख्या यूपी25एयू8727) अचानक अनियंत्रित होकर महिला को रौंदते हुए मकान से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के एयरबैग तक खुल गए। घटना के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने चालक को पकड़ लिया और घायल महिला को तुरंत उप जिला चिकित्सालय रानीखेत पहुंचाया। चिकित्सकों ने बताया कि उनके दोनों पैरों, दाहिने हाथ और छाती में गंभीर चोटें आई हैं। राजस्व उप निरीक्षक कुंदन लाल ने बताया कि चालक चमोली से रुद्रपुर जा रहा था।
रास्ते में अचानक वाहन का स्टेयरिंग लॉक हो गया जिसके कारण वह गाड़ी को मोड़ नहीं पाया और यह हादसा हो गया। ग्रामीणों का कहना है कि वाहन की रफ्तार इतनी तेज थी कि चालक के पास संभलने का कोई मौका नहीं था। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मुख्य मार्ग पर वाहन चालकों की स्पीड पर सख्ती से नियंत्रण किया जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
ड्राइवर ने बताया कि वाहन का स्टेयरिंग लॉक हो गया था। इस कारण घटना हुई है। वह महिला को इलाज के लिए हल्द्वानी भी ले गया। वह चमोली से रुद्रपुर जा रहा था। ग्रामीणों ने सूचना दी थी। इसके बाद तुरंत राजस्व उप निरीक्षक को मौके पर भेज दिया था।
दीपिका आर्या, तहसीलदार रानीखेत।