सोमेश्वर (अल्मोड़ा)। सोमेश्वर थाना क्षेत्र से गायब किशोरी को पुलिस ने 14वें दिन लखनऊ से आरोपी के कब्जे से बरामद किया। किशोरी को भगाने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ पॉक्सो समेत अन्य धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया है।
सोमेश्वर क्षेत्र की एक किशोरी शिवरात्रि मेले में जाने की बात कहकर 26 फरवरी को घर से निकली थी, मगर नहीं लौटी। परिजनों ने सभी संभावित स्थानों पर उसे खोजा, लेकिन उसका पता नहीं चला। इसके बाद 28 फरवरी को उसके चाचा ने सोमेश्वर थाने में तहरीर दी। पुलिस ने धारा 140 (3) बीएनएस व 16/17 पॉक्सो अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की थी।
एसएसपी देवेंद्र पींचा ने किशोरी को भगाने के आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की थी। टीम ने किशोरी की खोजबीन में जुट गई। पुलिस टीम ने यूपी के कई शहरों में किशोरी को भगाने के आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी।
सोमेश्वर थानाध्यक्ष कश्मीर सिंह ने बताया बीते मंगलवार को लखनऊ से गुमशुदा किशोरी को आरोपी युवक सुरेंद्र सिंह बोरा उर्फ सूरज के कब्जे से बरामद किया। आरोपी सोमेश्वर तहसील का ही निवासी है। किशोरी के बयान के आधार पर पंजीकृत अभियोग में धारा 64 (1) बीएनएस व 3(1)/4 पॉक्सो अधिनियम की बढ़ोतरी की गई है। उन्होंने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की की कार्रवाई की जा रही है।