अल्मोड़ा। डाक विभाग में फर्जी दस्तावेजों से नौकरी पाने वाले डाकपाल को गिरफ्तार किया गया है। न्यायाल में पेश करने के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया।
भारतीय डाक विभाग में फर्जी तरीके से अधिक अंक वाले अंक प्रमाण पेश कर अलवर राजस्थान निवासी सोबित ने बैंसखेत गोविंदपुर शाखा डाकघर में तैनाती पाई। नियुक्ति के बाद डाक विभाग ने उसके अंक प्रमाण पत्र की सत्यता जांचने के लिए पत्राचार किया तो संबंधित विद्यालय ने इसे फर्जी बताया। डाक विभाग ने उसकी सेवा समाप्त कर उसके खिलाफ राजस्व विभाग में तहरीर दी थी। राजस्व पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 420, 467, 468 और 471 के तहत मुकदमा दर्ज किया था। शनिवार को राजस्व पुलिस ने आरोपी को संबंधित शाखा डाकघर से गिरफ्तार किया। राजस्व उपनिरीक्षक बलवंत नाथ ने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। टीम में राजस्व उपनिरीक्षक कुलदीप जोशी, कृष्णा, राहुल रावत, राजेंद्र सिंह मेहरा, पंकज शर्मा शामिल रहे। संवाद