राजस्व पुलिस की गिरफ्त में हत्यारोपी।
- फोटो : अमर उजाला
अल्मोड़ा जिले के अंतिम छोर चमोली गढ़वाल की सीमा से लगे लंबाड़ी में क्रिकेट मैच के दौरान दो टीमों में मारपीट हो गई। झगड़े में बीच बचाव करने गए एक युवक को दो सगे भाइयों ने बल्ले से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। उसकी सोमवार रात हल्द्वानी में उपचार के दौरान मौत हो गई। राजस्व पुलिस ने हत्या आरोपी दो सगे भाइयों को गिरफ्तार कर लिया है।
राजस्व पुलिस के मुताबिक चार दिसंबर को स्याल्दे तहसील के अंतर्गत लंबाड़ी गांव और भिकियासैंण तहसील के अंतर्गत बीना गांव की टीमों के बीच खाल्यों गांव में क्रिकेट मैच चल रहा था। इस बीच किसी बात को लेकर दोनों टीमों के बीच विवाद हो गया और दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। झगड़े में बीचबचाव करने गए लंबाड़ी निवासी राम सिंह (30) पुत्र दिवान सिंह पर बीना गांव के दो सगे भाइयों मोहन सिंह (23), कुंदन सिंह (27) ने बल्ले से हमला कर दिया।, जिससे उसके सिर पर गंभीर चोट आ गई।
परिजन उसे उपचार के लिए चौखुटिया ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद राम सिंह को हल्द्वानी रेफर कर दिया गया, लेकिन सोमवार एक निजी अस्पताल में उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक के पिता ने राजस्व पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है। राजस्व पुलिस टीम ने आरोपी मोहन सिंह, कुंदन सिंह को धारा 307 और 504 के तहत गिरफ्तार कर लिया। मृतक अपने पीछे दो छोटे बच्चों, बूढ़े माता-पिता, पत्नी को छोड़ गया है। वह झीपा में दुकान चलाता था। राजस्व टीम में पूरन प्रकाश, डीएस डंगवाल, केएन रिखाड़ी, शंकर गिरि, राजेंद्र सिंह, ललित गिरि आदि शामिल थे।