अल्मोड़ा। जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच अल्मोड़ा नगर के जर्जर भवनों पर खतरा बढ़ गया है। मुरलीमनोहर वार्ड और थाना बाजार क्षेत्र में पुराने भवनों की स्थिति बारिश के कारण चिंताजनक हो गई है। मुरलीमनोहर वार्ड में करीब सौ वर्ष पुराने आवासीय भवन की दीवारों में बड़ी-बड़ी दरारें पड़ने से हादसे की आशंका बनी हुई है।
मामले की जानकारी मिलने पर मेयर अजय वर्मा ने मौके पर पहुंचकर भवन का निरीक्षण किया। उन्होंने एहतियात के तौर पर भवन में रह रहे परिवार को तत्काल घर खाली करने के निर्देश दिए। मेयर ने कहा कि जान-माल की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी तरह का जोखिम नहीं लिया जाएगा।
इधर थाना बाजार क्षेत्र में भी लगातार बारिश के कारण एक पुराने भवन की नींव कमजोर होने की सूचना मिली है। नगर निगम की टीम ने मौके पर स्थिति का जायजा लिया और भवन स्वामी को नोटिस जारी किया। नगर निगम की टीम को अलर्ट पर रखा गया है। साथ ही नगर क्षेत्र में जर्जर भवनों को चिह्नित करने का कार्य किया जा रहा है।
लगातार बारिश के कारण नगर के कई स्थानों पर जलभराव और भूस्खलन की घटनाएं भी सामने आ रही हैं। स्थानीय लोगों ने प्रभावित परिवारों की सुरक्षा को देखते हुए उनके लिए वैकल्पिक आवास की व्यवस्था कराने की मांग की है।