अल्मोड़ा/रानीखेत। जिले में सोमवार को चार केंद्रों में तीसरे चरण का टीकाकरण शुरू हुआ। पहले दिन जिले में कुल 444 वरिष्ठ नागरिकों और 45 वर्ष से अधिक उम्र के बीमार मरीजों को टीके की पहली डोज लगी। टीका लगाने के लिए वरिष्ठ नागरिक काफी उत्साहित दिखाई दिए।
सीएमओ कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार सोमवार को जिले के चार केंद्रों में टीकाकरण की शुरूआत हुई। धौलादेवी में 210, जिला अस्पतालों में 86, बेस में 96 और ताड़ीखेत में 52 वरिष्ठ नागरिकों को टीका लगाया गया।
वरिष्ठ नागरिकों ने सभी केंद्रों में टीकाकरण से पूर्व पंजीकरण करवाया था। उन्होंने सभी से टीका लगवाने की अपील की। इसके साथ ही केंद्रों में स्वास्थ्य कर्मियों को दूसरी और अग्रिम पंक्ति के कार्मिकों को टीके की पहली डोज भी लगाई गई।
उधर, रानीखेत के ताड़ीखेत स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में 50 साल से अधिक आयुवर्ग के 57 लोगों को कोरोना वैक्सीन लगी। वैक्सीन को लोगों ने पूरी तरह से सुरक्षित बताया। इस दौरान डॉ. सिमरनजीत सिंह, डॉ. अंशुल सिरोही, माया तिवारी, शोभा रावत, कमला जोशी आदि थे।
अव्यवस्थाओं से हुई परेशानी
अल्मोड़ा। एक ओर जहां वरिष्ठ नागरिकों को हर क्षेत्र में प्राथमिकताएं दी जाती हैं, वहीं लाठी के सहारे टीका लगवाने जिला अस्पताल पहुंचे कई वरिष्ठ नागरिकों को असुविधाएं झेलनी पड़ीं। एक साथ क्षमता से अधिक लोगों के केंद्र में पहुंचने से दिक्कत बढ़ गई। कई लोग बिना टीका लगवाए ही लौट गए।
जिला अस्पताल अल्मोड़ा में बने टीकाकरण केंद्र में सुबह भारी संख्या में वरिष्ठ नागरिक टीका लगवाने पहुंचे। पंजीकरण से पूर्व उन्हें बैठने के लिए जगह नहीं मिली। वहीं टीकाकरण केंद्र में तैनात आशा और स्वास्थ्य कर्मी व्यवस्था बनाने में जुटे रहे।
वरिष्ठ नागरिकों के लिए व्यवस्थाएं चाकचौबंद करने की जरूरत है। जितनी क्षमता है उतने ही लोगों को टीकाकरण के लिए बुलाना चाहिए। बैठने के इंतजाम भी नहीं हैं, व्यवस्थाएं नाकाफी साबित हो रही हैं। -शरद कुमार, राजपुरा अल्मोड़ा निवासी।
काम छोड़ सुबह से टीका लगवाने पहुंचे हैं, टीकाकरण को लेकर कोई खास व्यवस्था नहीं की गई है। भीड़ अधिक है, जिसके चलते बैठने के लिए जगह पर्याप्त नहीं हो पाई है। -दीपक कपूर, अल्मोड़ा।
लंबे समय से टीका लगवाने के लिए इंतजार कर रहे थे। सरकार की ओर से टीका लगना शुरू हो गया है। जिससे कोरोना को मात दी जा सकेगी। -गिरीश चंद्र पुरोहित।
टीका लगवाने के बाद सुरक्षित महसूस कर रहीं हूं। टीका पूरी तरह सुरक्षित है, सभी को टीका लगवाना चाहिए।
-बसंती, निवासी अल्मोड़ा।