अल्मोड़ा। देश में कोरोना की लहर के संकेत मिले हैं। कोरोना के नए स्वरूप ने देश में दस्तक दे दी है और विशेषज्ञ इससे बचाव के लिए पहले की तरह गाइडलाइन का पालन करने की सलाह दे रहे हैं। इसके बावजूद बाजार में कोरोना के प्रति लोगों में किसी तरह का भय नहीं है। साप्ताहिक बंदी के बाद खुले बाजार में यह साफ नजर आया।
संवाद न्यूज एजेंसी ने कोरोना गाइडलाइन के पालन के लिए सोमवार को नगर में पड़ताल की। साप्ताहिक बंदी के बाद खुले बाजार में लोगों की खासी आवाजाही रही। लाला बाजार, चौक बाजार, कचहरी बाजार, कारखाना बाजार की दुकानों में भीड़ उमड़ी। वहां सुबह से ही चहल-पहल रही। राशन, सब्जी, दूध, फल की दुकानों में लोगों का जमावड़ा लगा रहा। वहां सभी लोग कोरोना से बेखौफ दिए। व्यापारी भी बगैर मास्क के नजर आए। अधिकतर लोगों ने मास्क नहीं लगाया था। लोगों ने सुरक्षित दूरी को भी पूरी तरह दरकिनार किया।
अस्पतालों में नहीं दिखी सजगता
अल्मोड़ा। एक तरफ स्वास्थ्य विभाग कोरोना की चौथी लहर से सावधानी की सलाह दे रहा है। अस्पतालों में कोरोना गाइडलाइन की अनदेखी हो रही है। जिला और जिला महिला अस्पताल में कोरोना की जांच पूरी तरह बंद है। न तो मरीज और न ही स्वास्थ्य कर्मी मास्क पहने नजर आ रहे। अस्पतालों में सोमवार को मरीजों की भीड़ रही लेकिन सभी कोरोना से बेखौफ नजर आए।
कोरोना की संभावित लहर को रोकने के लिए सभी को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। गाइडलाइन के अनुसार लोगों को मास्क पहनना चाहिए। हर व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए स्वास्थ्य विभाग का साथ देना होगा। - डॉ. आरसी पंत, सीएमओ, अल्मोड़ा।