अल्मोड़ा। कोविड-19 गाइडलाइंस ऑन डेडबॉडी मैनेजमेंट कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को एसडीआरएफ कैंप सरियापानी में डेमो के साथ प्रशिक्षण दिया गया। इस कैंप में कोविड-19 गाइडलाइंस के अनुसार पीपीई किट समेत सभी जरूरी संसाधनों का सदुपयोग कर कोरोना से मृतक के अंतिम संस्कार के तरीके बताए गए।
एसडीआरएफ कैंप में आयोजित कार्यक्रम में सीओ वीर सिंह, एसीएमओ डॉ. अनिल ढींगरा के नेतृत्व में कोविड-19 संबंधी कार्यक्रम में पुलिस और एसडीआरएफ टीम को यह प्रशिक्षण दिया गया। सीओ वीर सिंह ने कहा कि कोरोना से होने वाली मृत्यु के बाद पार्थिव शरीर का अंतिम संस्कार करने में टीम को बहुत अधिक सावधानी बरतनी होगी। कार्यक्रम में कोविड-19 गाइडलाइन के अनुसार पीपीई किट और डेड बॉडी मैनेजमेंट की जानकारी जरूरी है। इस दौरान डैमो कर पीपीई किट पहनते और उतारते समय बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में बताया गया। डेमो में मृत शरीर के अंतिम संस्कार के तरीके समझाए गए। प्रशिक्षण में टीम को पीपीई किट पहनने का सही तरीका बताया गया। कहा कि किट को ठीक तरह से न पहनने पर वायरस फैलने का खतरा बढ़ सकता है। यदि किसी कोरोना मरीज की मृत्यु होती है तो सबसे पहले सुरक्षा कर्मियों को सही तरह से पीपीई किट पहननी होगी। किट से लैस होकर शव को सैनिटाइज करके ठीक तरह से पैक किया जाएगा। शव ले जाने वाले वाहन को सैनिटाइज करने के साथ कर्मियों द्वारा पहनी पीपीई किट को चरणबद्ध तरीके से उतारकर उनका सावधानीपूर्वक निस्तारण किया जाएगा। अस्पताल को भी पूरी तरह से सैनिटाइज किया जाएगा। कर्मियों को कोरोना मामले में पीपीई किट पहनने से पहले और उतारने के बाद सफाई का ध्यान रखने और एहतियात बरतने की भी खास जरूरत बताई। कार्यक्रम में एसडीआरएफ निरीक्षक नरेंद्र आर्य, एनटीडी चौकी प्रभारी संतोष देवरानी समेत एसडीआरएफ, स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे।