अल्मोड़ा। कोरोना काल में बढ़ते तनाव को कम किए जाने को लेकर स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिले में शिविरों का आयोजन किया जाएगा। विभाग की ओर से इसके लिए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के माध्यम से तनावग्रस्त और मानसिक रोगियों की काउंसलिंग की जाएगी।
कोरोना काल में लॉकडाउन के दौरान विभिन्न क्षेत्रों से लौटे प्रवासियों समेत जिले भर में कामकाज प्रभावित होने से आत्महत्या के प्रयास के मामले बढ़े हैं। वहीं लॉकडाउन में गृहकलह समेत तमाम मामले और तनाव की स्थिति में भी इजाफा हुआ है। कामकाज छिन जाने से कई लोग अवसाद में हैं।
तनाव के कारण ही लोग आत्महत्या जैसे कदम उठाने को भी मजबूर हो रहे हैं। इन परिस्थितियों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की ओर से तनावग्रस्त और मानसिक रूप से अस्वस्थ लोगों के लिए एनएचएम के माध्यम से काउंसलिंग शिविरों का आयोजन किया जाएगा।
पहले चरण में जल्द ही नगर के एनटीडी, पातालदेवी और राजपुरा में शिविर लगाए जाएंगे। शिविरों में विशेषज्ञ, डॉक्टरों की टीम लोगों की काउंसलिंग कर तनाव कम करने की कोशिश करेगी। शिविर में साकारात्मक सोच विकसित करने की कोशिश की जाएगी। जिससे लोगों का तनाव कम होने के साथ उनकी समस्या का समाधान किया जा सके।