प्रवासियों को स्कूल कालेजों में क्वारंटीन करने की मांग को लेकर ज्ञापन भेजने पहुंचे प्रधान। संवा
- फोटो : RANIKHET
द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। विकासखंड के जनप्रतिनिधियों ने प्रवासियों को होम क्वारंटीन के बजाय उन्हें स्कूल, कॉलेजों में रखने की मांग की है। बीडीओ आलोक गार्ग्य के माध्यम से डीएम को भेजे ज्ञापन में प्रधानों का बीमा कराने की भी मांग की गई है।
प्रधानों ने बीडीओ को बताया कि बड़ी संख्या में प्रवासी घरों को लौट रहे हैं। इन सभी को क्वारंटीन करने का जिम्मा ग्राम प्रधानों पर आ गया है। इसके बावजूद कई प्रवासी कहना नहीं मान रहे हैं। कई लोगों के परिजन झगड़ा कर रहे हैं। कहीं एक शौचालय है तो कहीं पानी भरने के लिए सिर्फ एक नौला। ऐसी स्थिति में कैसे चुनौतियों का सामना होगा। पहाड़ों में कोरोना टेस्ट कराने की कोई सुविधा नहीं है। न हीं सैंपल टेस्ट अधिक संख्या में हुए हैं। इसलिए आसपास के स्कूल, कॉलेजों में प्रवासियों को क्वारंटीन किया जाए। प्रधानों को दायित्वों के साथ प्रोत्साहन भी मिले। उन्हें भी कोरोना वॉरियर्स की श्रेणी में रखकर स्वास्थ्य बीमा हो। ज्ञापन में प्रधान संगठन ब्लॉक अध्यक्ष नरेंद्र सिंह अधिकारी, नायल प्रधान संतोष लाल चौधरी, धन्यारी के प्रकाश चंद्र सिंह, तल्ली विटोली के उमेश कांडपाल, मल्ली मिरई की रेखा देवी, तैली सुनोली की हेमा बिष्ट, बमनपुरी के महेंद्र नेगी, कफड़ा के दिनेश चंद्र कबड़वाल, असगोली के दीवान सिंह अधिकारी, द्योलाड़गूंठ के जगदीश चंद्र आर्या, तल्ली कहाली की गीता देवी, मीना किरौला, मटेला के मनोज, तिपोला के महेश सिंह आदि थे।