धौलछीना (अल्मोड़ा)। भैंसियाछाना के युवाओं का टीकाकरण के लिए इंतजार आखिरकार खत्म हुआ। सोमवार से राजकीय इंटर कॉलेज धौलछीना में 18 से 44 वर्ष के लोगों का टीकाकरण प्रारंभ हुआ। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र धौलछीना में 45 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों ने टीका लगवाया।
राइंका धौलछीना में सोमवार को पंजीकरण करा चुके 50 युवाओं को कोरोना के टीके की पहली डोज लगाई गई। जानकारी के अभाव में कई लोग पंजीकरण और समय तय कराए बिना ही टीकाकरण केंद्र पहुंच थे।
ऐसे में उन्हें निराश होकर लौटना पड़ा। पंजीकरण कराकर पहुंचे 50 युवाओं को पहले दिन टीका लगाया गया। वहां एएनएम नंदी आर्य, राधा बगड़वाल, नेहा रावत, राकेश मेहरा, डॉ. संजीव शुक्ला, चंद्रशेखर पांडे, अशोक बनकोटी आदि थे।
स्लॉट फुल होने से ग्रामीण परेशान
धौलछीना। ग्रामीण क्षेत्रों में टीकाकरण के तीसरे चरण की शुरुआत हो गई है लेकिन स्थानीय लोगों को टीकाकरण के लिए केंद्र में स्लॉट नहीं मिल पा रहे हैं। सभी स्लॉट 20 मई तक फुल हैं। केंद्र में नेटवर्क की भी समस्या बनी हुई है।
सोमवार को भी अल्मोड़ा समेत अन्य क्षेत्र के युवा टीका लगवाने धौलछीना पहुंचे। युवाओं ने बताया कि अल्मोड़ा में भीड़ अधिक होने के चलते उन्होंने धौलछीना में स्लॉट बुक करवाया। स्थानीय युवाओं को टीकाकरण का लाभ न मिलने पर व्यापार मंडल अध्यक्ष दरबान सिंह रावत ने नाराजगी जताते हुए जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से इसकी शिकायत की।
केंद्र में कोई भी सुरक्षाकर्मी नहीं है तैनात
धौलछीना। टीकाकरण केंद्र धौलछीना में पहले दिन युवाओं की काफी भीड़ रही लेकिन प्रशासन की तरफ से सुरक्षा के लिए किसी प्रकार की व्यवस्था नहीं की गई। स्वास्थ्य कर्मियों को ही बार-बार युवाओं को लाइन में लगवाने से लेकर सुरक्षित दूरी का पालन करने का अनुरोध करना पड़ा।